बलरामपुर। बारह-रबी-उल अव्वल पर नगर के सभी 25 वार्डों में साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाएं चाक चौबंद रहेंगी। नगर पालिका सभागार में बीते दिन अध्यक्ष किताबुन्निशा के प्रतिनिधि शाबान अली की अध्यक्षता मे बैठक कर रणनीति तैयार की गई है। पालिका के अफसरों व कर्मियों को साफ सफाई, पेयजल व बिजली आदि कार्यों को कराने के लिए जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष प्रतिनिधि ने कहा कि नगर के सभी धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान पालिका की तरफ से स्वच्छता के साथ पानी बिजली आदि के इंतजाम किए जाते हैं।
बलरामपुर नगर गंगा-जमुनी तहजबी का शानदार उदाहरण है। हिंदू मुस्लिम, सिक्ख, जैन व ईसाई धर्म से जुड़े कार्यक्रमों के दौरान पालिका की तरफ से हर संभव सहयोग दिया जा रहा है। 18 व 19 अक्तूबर को बारह-रबी-उल अव्वल पर विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
मुख्य बाजार बलुहा, अंधियारी बाग, कब्रिस्तान व इबादतगाहों के मार्गों और मस्जिदों के आसपास प्रमुखता के साथ साफ-सफाई कराई जाएगी। नगर के प्रमुख स्थानों जैसे मस्जिदों व इबादतगाहों के आसपास बिजली की बेहतर व्यवस्था की जाएगी। 18 व 19 अक्तूबर को पेयजलापूर्ति की व्यवस्था लाइट जाने के बाद जनरेटर से कराई जाएगी।
बैठक में मौजूद सफाई निरीक्षक बहोरन सिंह, शैलेन्द्र कुमार, सहायक अभियंता आरके पुरी व अवर अभियंता सिविल भरत सिंह आदि को विभिन्न कार्य की जिम्मेदारी दी गई है। बैठक में सभासद वकील अंसारी, शफीक, शान मोहम्मद, इरशाद अहमद, नागेन्द्र कुमार, राजेश सक्सेना, सुरेश गुप्ता, अनिल कुमार, चारुचंद व वृजेश पाल आदि मौजूद रहे।