बलरामपुर। जिले में छठवें चरण के चुनाव के लिए आगामी चार फरवरी से नामांकन शुरू होगा। तुलसीपुर सीट पर भाजपा के अलावा अभी सपा, बसपा व कांग्रेस ने अधिकृत प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है। इन पार्टियों से सपा के कई दावेदारों ने टिकट की दावेदारी की है।
बता दें कि जनवरी माह में इस सीट से टिकट के दावेदार पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष व सपा नेता फिरोज अहमद पप्पू की हत्या भी हो चुकी है। इनकी हत्या के साजिश में पूर्व सांसद रिजवान जहीर, उनकी बेटी व सपा नेता जेबा रिजवान तथा दामाद रमीज जेल में हैं। जेबा भी टिकट की प्रबल दावेदार है। इसके अलावा पूर्व विधायक मशहूद खां, सपा नेता डॉ. भानू त्रिपाठी, राजेश्वर मिश्र, पूर्व ब्लाक प्रमुख शफीक अहमद व सपा के प्रदेश सचिव ओंकार नाथ पटेल आदि ने भी टिकट की मांग की है। रोज कयास लगाया जा रहा है कि आज सपा प्रत्याशी की घोषणा हो जाएगी लेकिन असमंजस बना हुआ है। सपा ने उतरौला सीट पर भी अभी उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। यहां से भी कई सपाई टिकट की दौड़ में शामिल है। बसपा ने चारो सीटो पर अभी उम्मीदवार घोषित नहीं किया।
भाजपा ही एक अकेली पार्टी जिसने चारो सीटों पर पुराने चेहरों को प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने बलरामपुर, उतरौला तथा गैसड़ी सीट से प्रत्याशी घोषित कर दिया है। तुलसीपुर सीट पर अभी कांग्रेस ने भी पत्ता नहीं खोला है। अभी तक सपा ने चार में से केवल दो सीटो बलरामपुर सदर तथा गैसड़ी से प्रत्याशी घोषित किया है। राजनीतिक गलियारों में तुलसीपुर तथा उतरौला सीट से घोषित होने वाले सपा उम्मीदवारों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि सपा इन सीटों पर कब और किसे अपना प्रत्याशी घोषित करेगी।