फोटो-5-बलरामपुर के रोडवेज बस स्टेशन पर मौजूद यात्री ।-संवाद
बलरामपुर। ट्रेन से गोरखपुर तक जाने वाले यात्रियों की समस्या बढ़ गई है। गोंडा-बलरामपुर रेल मार्ग पर संचालित ट्रेनें इस समय जकहा जंगल व आनंदनगर रेलवे स्टेशन तक ही जा रही हैं। गोरखपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर मरम्मत का कार्य चल रहा है, इस कारण इंटरसिटी व गोमतीनगर एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित है।
गोंडा-बलरामपुर-गोरखपुर मार्ग पर कुल 11 ट्रेनों का संचालन होता है। इसमें ऐशबाग इंटरसिटी, गोमतीनगर एक्सप्रेस, बांद्रा टर्मिनस, पनवेल, बहराइच स्पेशल व इज्जतनगर एक्सप्रेस शामिल हैं। पूर्वोत्तर रेलवे की तरफ से गोरखपुर जंक्शन के प्लेटफार्म पर मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। इसके चलते इंटरसिटी, गोमतीनगर एक्सप्रेस, इज्जतनगर व बहराइच स्पेशल सहित अन्य ट्रेनों का संचालन आनंदनगर रेलवे स्टेशन तक ही हो रहा है। ये ट्रेनें आनंदनगर स्टेशन से चलकर बढ़नी, बलरामपुर व गोंडा होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचती है। ऐसे में बलरामपुर से गोरखपुर तक जाने वाले यात्रियों को इस समय परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आनंदनगर स्टेशन पर उतरकर बस व डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ता है। यात्री सुधा, मोहित, कमलेश, राहुल वर्मा व रवि सोनी ने बताया कि इस समय सहालग का समय है। लोगों को शादी-विवाह में शामिल होने गोरखपुर जाना पड़ता है। गोरखपुर तक ट्रेनों का संचालन बंद होने से बहुत परेशानी हो रही है। बलरामपुर रेलवे स्टेशन के अधीक्षक रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे की तरफ से गोरखपुर प्लेटफार्म पर मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है, इस कारण नौ मई तक गोरखपुर रेलवे स्टेशन तक ट्रेनें नहीं जाएंगी।
गोरखपुर तक रोडवेज बस का भी नहीं होता है संचालन
बलरामपुर डिपो से गोरखपुर तक सीधी रोडवेज बसों का भी संचालन नहीं होता है। यात्रियों को पहले बस्ती जाना पड़ता है, इसके बाद वहां से गोरखपुर का सफर करना पड़ता है। सीधी बस सेवा न चलने से यात्री परेशान होते हैं। इमरजेंसी में वाहन की बुकिंग करके यात्रा करते हैं। यात्री फिरोज व अशफाक ने बताया कि गोरखपुर तक सीधी बस सेवा के लिए काफी दिनों से यहां के लोग मांग कर रहे हैं, लेकिन अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।