फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: आंधी-बारिश से तबाही, पेड़ के नीचे दबकर युवक की मौत, छाया अंधेरा

Mon, 04 May 2026 11:46 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बलरामपुर
विज्ञापन
बलरामपुर में बारिश व तेज हवा के बीच गिरे पेड़ से बा​धित हुआ आवागमन
विज्ञापन
बलरामपुर। जनपद में सोमवार को मौसम के बदले मिजाज ने भारी तबाही मचाई। धूलभरी तेज आंधी और फिर मूसलाधार बारिश के कारण पूरा जिला अस्त-व्यस्त हो गया। इस प्राकृतिक आपदा में पेड़ के नीचे दबने से एक युवक और एक भैंस की मौत हो गई। आंधी की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है, कि जिले के सैकड़ों स्थानों पर पेड़, बिजली के पोल और मोबाइल टावर ताश के पत्तों की तरह ढह गए, जिससे संचार और बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई।
विज्ञापन

गैंडास बुजुर्ग क्षेत्र के बढ़या पकड़ी निवासी तुलाराम (32) सोमवार को आंधी के दौरान अपने बैटरी ऑटो से जा रहे थे, तभी अर्जुन के पेड़ की एक विशाल डाल उनके ऊपर गिर गई। मलबे में दबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, रेहरा बाजार के बूधीपुर में पेड़ गिरने से सूर्यलाल की एक भैंस की भी जान चली गई। उतरौला में मरीज लेने जा रही एक एंबुलेंस पर भी पेड़ गिर गया, हालांकि चालक और स्टाफ बाल-बाल बच गए। राष्ट्रीय राजमार्ग व प्रमुख संपर्क मार्गों पर घंटों जाम लगा रहा। कई जगह लोग वाहनों में फंसे रहे और उन्हें पैदल सफर करना पड़ा।
50 से अधिक स्थानों पर पोल टूटे
आंधी ने बिजली विभाग को सबसे ज्यादा चोट पहुंचाई है। मेडिकल कॉलेज के भीतर तीन पोल धराशायी हो गए, जबकि भगवतीगंज, विशुनीपुर, सुआंव और जिला कारागार समेत 50 से अधिक मुख्य स्थानों पर लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। जिले की सभी 793 ग्राम पंचायतों में बिजली गुल है। महराजगंज तराई में मोबाइल टावर गिरने से संचार व्यवस्था भी चरमरा गई है। रेहराबाजार विकास खंड में आपूर्ति प्रभावित रही। गांवों से लेकर नगर क्षेत्रों तक में अंधेरा छा रहा।
विज्ञापन

यातायात ठप, सड़कों पर बिछ गए पेड़
गोंडा-बलरामपुर मार्ग सहित राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रमुख संपर्क मार्गों पर 21 से अधिक स्थानों पर पेड़ गिरने से आवागमन घंटों ठप रहा। गैसड़ी, पचपेड़वा और उतरौला में स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से पेड़ हटाकर रास्ता साफ कराया गया। कई जगह मकानों और दुकानों के टीन शेड उड़ने से लाखों की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

कहीं झमाझम, कहीं राहत
जिले में औसतन 50 मिमी बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश बलरामपुर ब्लॉक के भिखपुर (59.5 मिमी) में हुई। इसके अलावा तुलसीपुर में 41 मिमी, रेहरा बाजार में 35.5 मिमी, गैसड़ी में 30.5 मिमी, पचपेड़वा में 25.5 मिमी बारिश हुई है। वहीं 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।

किसानों को बारिश से राहत
भीषण गर्मी और लू से तप रहे जिले को इस बारिश ने राहत दी है। कृषि वैज्ञानिक डॉ. उपेंद्र सिंह के अनुसार यह बारिश खरीफ फसलों की बोवाई के लिए फायदेमंद साबित होगी। जिला आपदा विशेषज्ञ अरुण सिंह ने बताया कि मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक बादल, हल्की बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रह सकता है। तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

तहसीलों से मांगी रिपोर्ट
आंधी-बारिश से हुए नुकसान की रिपोर्ट तहसीलों से मांगी गई है। एक व्यक्ति और एक पशु के मौत की सूचना मिली है। प्रभावितों को आर्थिक सहायता दिए जाने की प्रक्रिया शुरु की गई है।
विज्ञापन

ज्योति राय, अपर जिलाधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें