उतरौला (बलरामपुर)। वर्षों से क्षतिग्रस्त हो चुकीं क्षेत्र की तीन मुख्य सड़कों के पुनर्निर्माण की राह अब साफ हो गई है। विधायक राम प्रताप वर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री रोड से पासीडीह प्रथम भाग तक, तिलखी से देवरिया अर्जुन और रामपुर मुरार नहर से जोगिया करहिया तक की सड़कों के लिए कुल 70.81 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
विधायक ने बताया कि इन सड़कों की मरम्मत के लिए क्षेत्रवासी लगातार मांग कर रहे थे। लोगों की मांग पर प्रस्ताव शासन को भेजा गया, जिस पर बजट की स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री रोड से पासीडीह प्रथम भाग तक की सड़क के पुनर्निर्माण पर 24.83 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। यह मार्ग ग्रामीणों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है। तिलखी से देवरिया अर्जुन तक मार्ग के सुधार के लिए 23.70 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है।
वहीं रामपुर मुरार नहर से जोगिया करहिया तक सड़क की मरम्मत के लिए 22.28 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। स्थानीय निवासी विवेक, संतोष, राजू व रमेश ने बताया कि इन सड़कों की हालत इतनी खराब थी कि बरसात में आवागमन तक ठप हो जाता था। कीचड़ और गड्ढों के कारण बच्चों को स्कूल और बीमारों को अस्पताल ले जाना मुश्किल हो जाता था। अब निर्माण कार्य शुरू होने से लोगों को राहत की उम्मीद जगी है।