बलरामपुर। संयुक्त जिला चिकित्सालय की इमरजेंसी में मंगलवार देर रात नशे में धुत एक युवक ने जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि सेफ हाउस की चाबी न मिलने से नाराज युवक ने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक, चीफ फार्मासिस्ट और वार्ड बॉय के साथ मारपीट की। इस दौरान उसने इमरजेंसी में रखी व्हीलचेयर, मेज और अन्य सामान में भी तोड़फोड़ कर दी, जिससे कुछ समय के लिए आपातकालीन सेवाएं प्रभावित रहीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। बाद में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राज कुमार वर्मा ने बताया कि मंगलवार रात करीब 11:55 बजे रानीजोत देवरिया निवासी महेंद्र प्रताप सिंह इमरजेंसी में पहुंचा। उस समय ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. धर्मवीर यादव, चीफ फार्मासिस्ट राजेंद्र यादव और वार्ड बॉय अतुल सिंह रेस्ट रूम में भोजन कर रहे थे। आरोप है कि महेंद्र ने सेफ हाउस की चाबी मांगी। डॉ. धर्मवीर ने बताया कि चाबी उनके पास नहीं है और वे उसके प्रभारी भी नहीं हैं। इस पर आरोपी आगबबूला हो गया और चिकित्सक की कुर्सी पर लात मार दी, जिससे वह नीचे गिर पड़े।
शोर सुनकर बचाव के लिए पहुंचे चीफ फार्मासिस्ट राजेंद्र यादव और वार्ड बॉय अतुल सिंह के साथ भी आरोपी ने हाथापाई कर मारपीट की। इसके बाद उसने इमरजेंसी में रखी व्हीलचेयर, मेज और अन्य उपकरण बाहर फेंक दिए, जिससे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। प्रभारी निरीक्षक गिरजेश तिवारी ने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधीक्षक की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने कहा कि चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अस्पताल में हिंसा और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।