फोटो 49 बलरामपुर में प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित। स्रोत विभाग
बलरामपुर। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की छात्राओं को मंडलीय खेल प्रतियोगिता के लिए तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित जनपद स्तरीय खेल चयन ट्रायल एवं सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का बुधवार को समापन हो गया। ट्रायल में जिले की 60 छात्राओं ने प्रतिभाग किया, जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 32 छात्राओं का मंडलीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया।
चयनित छात्राओं को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय (देहात) में सात दिनों तक खो-खो, कबड्डी और एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। खेल प्रशिक्षक रश्मि सिंह और रिचा शुक्ला ने छात्राओं को खेलों की तकनीकी बारीकियों के साथ शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धात्मक कौशल का अभ्यास कराया।
समापन समारोह में प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अशोक पाठक और जिला समन्वयक (बालिका शिक्षा) कृष्ण मोहन मिश्रा ने प्रतिभागी छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए। प्रभारी बीएसए ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाशाली बालिकाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशिक्षित छात्राएं मंडल, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगी।
कार्यक्रम में वार्डन उमा श्रीवास्तव, पुष्पलता, शीरी हसन, प्रधानाचार्य प्रियंका, अन्नू यादव, पूनम यादव, महमूदुल हक, राधा मोहन पांडेय, सुदीप श्रीवास्तव, आशुतोष मिश्रा सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।