बलरामपुर। बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए तुलसीपुर स्थित विद्युत उपकेंद्र के उच्चीकरण का काम शुरू हो गया है। उपकेंद्र में अत्याधुनिक स्विचगियर लगाया जाएगा। काम पूरा होने के बाद आपूर्ति निर्बाध और सुरक्षित हो जाएगी। करीब 100 गांवों के तीन लाख उपभोक्ताओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
उपकेंद्र पर लंबे समय से बढ़ते दबाव के कारण लाइन ट्रिपिंग और वोल्टेज की समस्या आ रही है। उच्चीकृत स्विचगियर लगने से अब आपूर्ति में स्थिरता आएगी और किसी तकनीकी खराबी की स्थिति में भी बिना आपूर्ति बाधित किए मरम्मत का कार्य संभव होगा। ग्रामीणों ने उपकेंद्र के उच्चीकरण को लेकर उत्साह जताया। तुलसीपुर निवासी प्रमोद कुमार गुप्त ने कहा कि बार-बार बिजली गुल होने से परेशानी होती थी, अब इससे राहत मिलेगी।
विनोद ने कहा कि मोटर रुक-रुक कर चलने से सिंचाई प्रभावित होती थी, अब खेती-किसानी आसान होगी। महुआडीह निवासी संजीव सिंह ने कहा कि बिजली न रहने से बच्चों की पढ़ाई बाधित होती थी, अब बेहतर सुविधा मिलेगी। इस संबंध में अधिशासी अभियंता तुलसीपुर ग्रामीण ने बताया कि स्विचगियर लगने से बिजली आपूर्ति स्थिर होगी। तकनीकी खराबी आने पर लाइन काटे बिना मरम्मत का काम किया जा सकेगा।