बलरामपुर। जिले के नौ सामुदायिक व 24 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आयुष्मान भव: मेले का आयोजन किया गया। मेले में 5,228 मरीजों की जांच कर उनका उपचार किया गया। सीएमओ के निरीक्षण में सीएचसी तुलसीपुर के तीन स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित पाए गए। जिसपर तीनों कर्मचारियों का वेतन रोक दिया गया है।
स्वास्थ्य मेले में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण कर स्वस्थ होने के लिए उचित परामर्श दिया। सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर में स्वास्थ्य मेले का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तीन स्वास्थ्य कर्मी अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने तीनों स्वास्थ्य कर्मियों का वेतन रोकने का निर्देश अधीक्षक डॉ. सुमंत सिंह चौहान को दिया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिपरा में डॉ. सतेंद्र कुमार मौर्य ने 36 मरीजों का परीक्षण कर दवा वितरित की। उन्होंने बताया कि अधिकांश मरीज सर्दी-जुकाम व बुखार से पीड़ित थे।