बलरामपुर। जिले में तीन सड़क हादसों में बृहस्पतिवार को तीन लोगों की मौत हो गई, वहीं दो लोग घायल हो गए। मृतकों के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
गैड़ास बुजुर्ग क्षेत्र के छितरपारा निवासी झगरू (40) की बेटी सरोजा का बुधवार को विवाह था। झगरू वैवाहिक रस्म में प्रयोग होने वाला लकड़ी का पीढ़ा लाना भूल गए थे। पीढ़ा लाने के लिए झगरू पिड़िया बाजार में फर्नीचर की दुकान चलाने वाले छीतरपारा निवासी शेषराम के साथ बृहस्पतिवार की रात दो बजे बाइक से निकले थे। गांव से निकलने के बाद उतरौला-बस्ती मार्ग पर चढ़ते ही अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
अस्पताल पहुंचाने पर शेषराम को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। झगरू को बस्ती रेफर कर दिया गया। दोनों लोग हेलमेट नहीं पहने थे। थानाध्यक्ष राजीव मिश्रा ने बताय कि अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उधर, झगरू की बेटी की विदाई दोपहर के बाद हो सकी।
देवनगर के मजरा रमवापुर थाना हरैया निवासी नफीस (20) रात में बाइक से तुलसीपुर से घर आ रहे थे। तभी पूरनपुर के पास सामने से आ रही बोलेरो की टक्कर से उनकी मौत हो गई। बाेलेरो चालक मौके से भाग गया। नफीस हेलमेट नहीं पहने थे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।
महराजगंज तराई के ग्राम बरगदही निवासी जगदंबिका पाठक ने बताया कि उनका बेटा रिंकू (23) व ओमप्रकाश वर्मा (45) बाइक से बरात गए थे। रात एक बजे लौटते समय खैरहनिया के पास बाइक पोल से टकरा गई। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से रिंकू को बहराइच रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान रिंकू की मौत हो गई। (संवाद)