बलरामपुर। ज्येष्ठ माह के दूसरे बड़े मंगल पर जिलेभर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही मंदिरों में बजरंगबली के दर्शन व पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने हनुमान जी को लड्डू का भोग लगाकर बल, विद्या, बुद्धि और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा।
नगर के वीर विनय चौराहा स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर, रानी तालाब मंदिर, पीपल तिराहा हनुमान मंदिर और झारखंडी मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिरों में हनुमान चालीसा, सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन और सत्यनारायण कथा का आयोजन हुआ, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा कर परिवार की सुख-शांति और संकटों से मुक्ति की कामना की।
तुलसीपुर के शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर, पंचमुखी हनुमान मंदिर और हनुमानगढ़ी मंदिर सहित उतरौला के प्रमुख मंदिरों में भी धार्मिक कार्यक्रमों की धूम रही। जिले के गैसड़ी, पचपेड़वा, हरैया सतघरवा, ललिया, मथुरा बाजार, महाराजगंज तराई, गौरा चौराहा, हरिहरगंज, श्रीदत्तगंज, सादुल्लाहनगर, गैंड़ास बुजुर्ग, पेहर बाजार, महदैया और रेहरा बाजार आदि स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ बड़ा मंगल मनाया।
जगह-जगह हुआ भंडारा, श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
दूसरे बड़े मंगल पर जिलेभर में भंडारों की धूम रही। रानी तालाब मंदिर परिसर में राजन मिश्रा और दिव्य प्रकाश की ओर से विशाल भंडारा आयोजित किया गया। यहां पर श्रद्धालुओं ने पूड़ी-सब्जी, चावल-छोला और बूंदी प्रसाद ग्रहण किया। अधिवक्ता संगठनों की तरफ से दीवानी न्यायालय परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में जिला बार संघ अध्यक्ष मुर्तुजा हुसैन व महामंत्री संजय तिवारी सहित तमाम अधिवक्ता एवं वादकारी शामिल हुए। गैसड़ी के चरनगहिया मोड़ पर ग्राम प्रधान विशाल सिंह, शशांक सिंह, मंतोष सिंह, मुकेश एवं वैभव सिंह की तरफ से भंडारा आयोजित कर प्रसाद का वितरण किया गया। इसके अलावा नगर के अन्य स्थानों पर भी भक्तों ने प्रसाद वितरण कर सेवा भाव का परिचय दिया।
फोटो-14-बलरामपुर के हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा अर्चना करते श्रद्धालु ।-संवाद