फोटो-18-बलरामपुर के महराजगंज तराई में प्रदर्शन करते उपभोक्ता ।-संवाद
महराजगंज तराई। कंदैला स्थित इंडियन बैंक में पिछले सात दिनों से कैश और नेटवर्क की समस्या के चलते खाताधारकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को परेशान उपभोक्ताओं ने बैंक शाखा पहुंचकर प्रदर्शन किया और जल्द समस्या समाधान की मांग की।
खाताधारकों ने कहा कि रोज सुबह से बैंक के बाहर लंबी लाइन लग जाती है, लेकिन बैंक खुलते ही कर्मचारी कैश नहीं है अथवा नेटवर्क नहीं है का बोर्ड लगाकर लोगों को वापस कर देते हैं। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
प्रदर्शन करने वालों में अशोक सिंह, सलीम, अटल वर्मा और आजाद हकीम समेत कई खाताधारकों ने बताया कि शादी-विवाह का सीजन होने के कारण लोगों को पैसों की सख्त जरूरत है, लेकिन बैंक से लेन-देन न होने से परेशानी और बढ़ गई है। सुबह से शाम तक इंतजार करने के बाद भी बिना पैसा मिले वापस लौटना पड़ रहा है। लोगों ने बैंक विभाग के अधिकारियों से तत्काल कैश उपलब्ध कराने और नेटवर्क समस्या दूर कराने की मांग की है। इस संबंध में एलडीएम ज्ञानेश्वर ने बताया कि नेटवर्क समस्या के कारण लेन-देन प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।