बलरामपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की परीक्षा शहर के एमपीपी इंटर कॉलेज में होगी। बोर्ड परीक्षा का कार्यक्रम भी जारी हो चुका है। जिले में 142 विद्यार्थी संस्कृत बोर्ड की परीक्षा देंगे।
डीआईओएस मृदुला आनंद ने बताया कि संस्कृत बोर्ड की परीक्षा कड़ी निगरानी में होगी। केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात होंगे और हर कक्ष में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। संस्कृत बोर्ड की पूर्व मध्यमा द्वितीय (हाईस्कूल), उत्तर मध्यमा प्रथम (कक्षा 11) और उत्तर मध्यमा द्वितीय (कक्षा 12) की परीक्षाएं 19 से 28 फरवरी तक चलेंगी।
डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा नौ दिनों में पूरी हाेगी। परीक्षा दो पालियों में होगी। परीक्षा प्रभारी योगेश मिश्रा ने बताया कि पहली पाली में सुबह 08:30 से 11:45 बजे तक पूर्व मध्यमा द्वितीय व उत्तर मध्यमा प्रथम की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में दोपहर दो बजे से शाम 05:15 बजे तक परीक्षा होगी। यूपी बोर्ड की ही तर्ज पर इस बार संस्कृत बोर्ड के भी परीक्षा केंद्र का निर्धारण किया गया है। सीसीटीवी कैमरे और वायस रिकाॅर्डर से लैस विद्यालय को ही परीक्षा केंद्र बनाया गया है।