बलरामपुर। वन विश्राम गृह रेंज कुआना रोड मोड़ से बालपुर होते हुए सोनपुर गांव तक 6.6 किलोमीटर लंबी सड़क टू-लेन बनेगी। सड़क के चौड़ीकरण पर 23 करोड़ रुपये खर्च करने की कार्ययोजना तैयार की गई है। टू लेन रोड होने से कॉमन एयरपोर्ट तक का सफर आसान होगा। बलरामपुर शहर में भी यातायात का दबाव कम होगा। गोंडा व उतरौला के लोगों को बलरामपुर शहर के अंदर जाम में फंसने से निजात मिलेगी।
वन विश्राम गृह रेंज कुआना रोड मोड़ से वीरपुर चौराहा होते हुए इकौना, कटरा व खरगूपुर तक रोड जाती है। गोंडा रोड से सोनपुर गांव तक बलरामपुर जनपद की सीमा तक सिंगल रोड (3.5 मीटर) है। अब इसी सड़क की चौड़ाई सात मीटर करने की तैयारी है। यहां से आगे की सड़क पहले से ही सात मीटर चौड़ी है।
गोंडा व उतरौला से सीधे बहराइच, दिल्ली, लखनऊ, लखीमपुर व अन्य शहरों को जाने वाले वाहनों को सिंगल रोड के चलते फुलवरिया बाईपास पर स्थित ओवरब्रिज से होकर गुजरना पड़ता है। ग्राम बसऊपुर टांगिया निवासी प्रभु, दूल्हिनपुर निवासी राज, बहादुरापुर निवासी विनोद कुमार व अर्जुन पासवान ने बताया कि यदि बलरामपुर सीमा तक सड़क चौड़ी हो जाए तो बड़े वाहनों को इस रोड से गुजरना आसान हो जाएगा। बहराइच जनपद की सीमा में परसरामनगर बाजार व वीरपुर से होकर इकौना, कटरा व खरगूपुर जाने वाली सड़क पहले से ही टू लेन है। इधर की सड़क भी टू-लेन होने से लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी। (संवाद)
कॉमन एयरपोर्ट तक पहुंचने में होगी आसानी
इस रोड के चालू होने से जिले के लोगों को कॉमन एयरपोर्ट तक पहुंचने में आसानी होगी। इस रूट पर कारोबार भी बढ़ेगा। इस रास्ते पर बालपुर, सोनपुर, बसऊपुर टांगिया व दुल्हिनपुर सहित करीब एक दर्जन से अधिक गांवों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे। यहां के लोगों को सड़क किनारे कारोबार करने का मौका मिलेगा।
पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड को सौंपी गई जिम्मेदारी
वन विश्राम गृह रेंज कुआना रोड मोड़ से सोनपुर गांव तक टू लेन रोड निर्माण कराने की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड के एक्सईएन राजेश कुमार को सौंपी गई है। प्रस्ताव तैयार कराकर शासन को भेजा गया है। बजट मिलने के बाद सड़क चौड़ी कराई जाएगी।
-विपिन कुमार जैन, डीएम