बलरामपुर के तुलसी पार्क का बंद मुख्य गेट।
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। व्यस्ततम दिनचर्या वाली शहर की करीब 1.5 लाख आबादी को मार्निंग वॉक सड़क पर करना पड़ता है। व्यायाम व वॉक के लिए शहर में स्थित मात्र दो पार्कों का हाल बेहाल है। कहीं गंदगी, ट्रांसफार्मर और हाईटेंशन तार का खतरा है तो कहीं पार्क में ही लोग शादी व अन्य आयोजन आए दिन कर रहे हैं। नगर पालिका प्रशासन शहर के लोगों को इस गंभीर समस्या के प्रति उदासीन बना हुआ है।
विदित हो कि बलरामपुर नगर की आबादी इस समय करीब डेढ़ लाख के आस पास है। शहर में घूमने फिरने के अलावा व्यायाम व मार्निंग वॉक के लिए तुलसीपार्क व तिकोनिया पार्क स्थापित है। इन पार्कों की सफाई व रख रखाव की जिम्मेदारी स्थानीय नगर पालिका प्रशासन की है।
हालत यह है कि शहर के लोग सुबह मार्निंग वॉक इन पार्कों के अलावा सड़क पर अथवा स्टेडियम में करना पसंद करते हैं। लोगों का कहना है कि तुलसीपार्क में गंदगी, ट्रांसफार्मर व खुले हाईटेंशन तार का खतरा रहता है। तिकोनिया पार्क को लोगों ने पार्क से ज्यादा मैरिज लॉन बना दिया है।
यहां आए दिन लोग शादी-विवाह व अन्य पार्टियों का आयोजन करते हैं। पार्क का नल खराब है। टहलने वालों को पानी बाहर पीना पड़ता है। पार्क में लगा बच्चों का झूला व बैठने का झूला शोपीस बनकर रह गया है। स्पोटर्स स्टेडियम यहां खिलाड़ियों को होना चाहिए वहां शहर के तमाम लोग सुबह मार्निंग वॉक व व्यायाम करते हैं।
सड़क पर मार्निंग वॉक करने वाले लोगों को दुर्घटना का भय बना रहता है। ऐसे में शहर के लोग खुली हवा में सांस लेने कहां जाए इसका जबाब किसी के पास नहीं है। शहरवासी शौकत, लवकुश, अशरफ, आरके सिंह व पीयूष ने नगर पालिका प्रशासन से शहर के पार्कों की व्यवस्था चाक चौबंद किए जाने की मांग की है।