गोंडा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से बाहर हुए 4.47 लाख मतदाताओं का पता लगाने के लिए एक बार प्रशासन जुट गया है। 26 दिसंबर तक बीएलओ एक-एक मृतक, शिफ्टेड और घर पर न मिलने वाले मतदाताओं की फिर पड़ताल करेंगे। 31 दिसंबर को अनंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची में पंजीकृत 25.52 लाख मतदाताओं का एसआईआर किया जा रहा है। 2,726 बीएलओ के माध्यम से एसआईआर की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जल्दबाजी में कई मतदाताओं को मृतक, शिफ्टेड और गैरहाजिर होने की श्रेणी में दिखाने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में एसआईआर की गुणवत्ता दुरुस्त करने के लिए प्रशासन स्तर से एक बार फिर कवायद शुरू कर दी गई है।
एडीएम आलोक कुमार ने बताया कि लगभग 99.90 प्रतिशत एसआईआर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 18.78 प्रतिशत यानी 4,47,177 वोटर सूची से बाहर हो रहे हैं। इन मतदाताओं की दोबारा पड़ताल होगी। इसके लिए बीएलओ एक बार फिर प्रत्येक मतदाता तक पहुंचने का प्रयास करेंगे।
एसआईआर में कोई भी पात्र वोटर वंचित नहीं रखा जाएगा और न ही कोई अपात्र शामिल होगा। इस दौरान अगर कोई वोटर मृतक, शिफ्टेड और गैरहाजिर श्रेणी में दर्ज हो गया है तो उसे मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। सभी प्रक्रिया निर्धारित समय में पूरी की जाएगी।
28 फरवरी को फाइनल सूची का होगा प्रकाशन
अधिकारियों ने बताया कि सभी प्रक्रिया 28 फरवरी तक पूरी की जाएंगी। 26 दिसंबर तक एसआईआर फॉर्म भरा जा सकेगा। इसके बाद सभी जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद 31 दिसंबर को अनंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा। मतदाताओं से दावे व आपत्तियां लेकर उसका समाधान किया जाएगा। साथ ही 28 फरवरी को लोकसभा व विधानसभा की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।
वोटरों की मैपिंग में जुटे बीएलओ
धानेपुर। जिले में एसआईआर फॉर्म भरने के बाद बूथ स्तर पर अब मैप न होने वाले मतदाताओं की मैपिंग का काम चल रहा है। उन्हें 2003 की मतदाता सूची से जोड़ा जा रहा है। धानेपुर के बूथ संख्या 232 की बीएलओ मीना कुमारी ने बताया कि 1257 मतदाताओं के एसआईआर की जिम्मेदारी मिली थी। इसमें से 760 मैपिंग भी हो चुका है। जबकि 80 वोटरों की 2003 की डिटेल नहीं मिल पा रही है। जानकारी हासिल करने के लिए जरूरी प्रयास किए जा रहे हैं।