बलरामपुर के राजकीय हाईस्कूल महाराजगंज तराई का निरीक्षण करते डीआइओएस गोविंद राम।
बलरामपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा में सोमवार को एक बड़ी खामी सामने आई। हाईस्कूल की प्रथम पाली में विज्ञान की परीक्षा के दौरान डीआईओएस गोविंद राम के सचल दल ने जब शिवनरायन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लालनगर सिपहिया तुलसीपुर का निरीक्षण किया तो वहां पर एक साथ स्वकेंद्र वाली छात्राओं को बैठाकर परीक्षा दिलाई जा रही थी। जबकि नियमानुसर अपने ही कॉलेज में परीक्षा दे रही छात्राओं को अन्य परीक्षार्थियों के साथ मिक्स करके बैठाना चाहिए था। इसपर केंद्र व्यवस्थापक कमलेश कुमार मिश्र को हटा दिया गया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि यहां सीसीटीवी कैमरा भी सही से काम नहीं कर रहा था। जनपदीय कंट्रोल रूम ने बीच में कैमरा बंद होने की जानकारी डीआईओएस को दी थी। इसे तत्काल सही कराने को कहा गया। यहां पर राजकीय हाईस्कूल महाराजगंज तराई के सहायक अध्यापक धर्मेंद्र कुमार को नया केंद्र व्यवस्थापक बनाया गया है। डीआईओएस ने इसके अतिरिक्त 14 परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्था की जांच की एडीएम प्रदीप कुमार ने जनपदीय कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया।
परीक्षा की प्रथम पाली में हाईस्कूल विज्ञान में कुल 20 हजार 410 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसके सापेक्ष 19 हजार 160 ने परीक्षा दी। 1250 ने परीक्षा छोड़ दी। द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट के जीव विज्ञान व गणित के कुल 8133 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 7 हजार 656 ने परीक्षा दी। 477 ने परीक्षा छोड़ दी।
बीमार परीक्षार्थियों का कराया गया इलाज
रामलखन इंटर कॉलेज हरैया सतघरवा में एक छात्रा परीक्षा के दौरान बीमार हो गई। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने की बात कही जा रही है। वहीं, राजकीय इंटर कॉलेज उतरौला व भगवती आदर्श विद्यालय इंटर कॉलेज भगवतीगंज में भी एक-एक परीक्षार्थी के बीमार होने की जानकारी मिली है।
जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर सोमवार को सीबीएसई बोर्ड हाईस्कूल अंग्रेजी की परीक्षा में 856 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 845 शामिल हुए। 11 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। शारदा पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र पर 236 के सापेक्ष 234 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। दो परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सेंट जेवियर्स स्कूल पर 348 के सापेक्ष 345 ने परीक्षा दी। केंद्रीय विद्यालय पर 272 के सापेक्ष 266 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। छह विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।