पिपरहवा चौराहा (बलरामपुर)। थाना तुलसीपुर के बनकटवा कला के बाग में सागौन के पेड़ से एक युवक का शव बृहस्पतिवार को लटकता मिला।
बड़गौ (बड़का) गांव थाना तुलसीपुर का निवासी युवक युवक रामछबीले (30) पत्नी को विदा कराने ससुराल बनकटवा कला गया था। वहां से घर लौटकर नहीं आया, रात में परिजनों को सूचना मिली कि युवक का शव पेड़ से लटक रहा है। मृतक के भाई राजेश कुमार यादव ने बताया कि बृहस्पतिवार की देर रात में सूचना मिली कि वह अपने ससुराल में गांव के दक्षिण में स्थित सागौन के बाग में फंदे से लटक रहा है।
ग्रामीणों व परिजनों की मदद से शव को फंदे से नीचे उतारा गया। मृतक के एक बेटा प्रवेश कुमार व एक बेटी साधना है। प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे ने बताया कि मामला प्रथमदृष्टया आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।
पत्नी ने अभी आने से किया था मना
पत्नी को विदा कराने गए युवक उस समय आहत हो गया था, जब पत्नी ने अभी ससुराल जाने से मना कर दिया था। मृतक के भाई राजेश ने बताया कि कुछ दिन पूर्व भी भाई की उसकी पत्नी से कहासुनी हुई थी। वह नहीं चाहता था कि ज्यादा दिन पत्नी मायके में रहे, लेकिन अभी उनकी पत्नी आना नहीं चाहती थी।