बलरामपुर। रामपुर जिले में एसटीएफ ने जिले के 50 हजार के इनामी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। उस पर जिले में पशु तस्करी के साथ ही पुलिस पर हमले की एफआईआर दर्ज है। तुलसीपुर पुलिस 01 सितंबर 2024 से उसकी तलाश थी। पुलिस की गिरफ्त में न आने पर शासन ने आरोपी पर इनाम घोषित कर एसटीएफ को जिम्मेदारी सौंपी थी।
जिले के तुलसीपुर थाना क्षेत्र के गौरा चौराहा मार्ग के गुलरिहा घाट गांव के पास 01 सितंबर 2024 को पुलिस से पशु तस्कर जुबैर का सामना हुआ था। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ पशु तस्कर गाड़ी में पशुओं को क्रूरतापूर्वक भरकर ले जा रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनसे पूछताछ शुरू की इसी दौरान पशु तस्करों ने सिपाही मनीष कुमार के सिर पर डंडा मारकर घायल कर दिया था। इसके बाद वे गाड़ी छोड़कर भाग गए थे। बलरामपुर पुलिस को वाहन में आठ गोवंशीय पशु मिले थे। पुलिस ने घटना की प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। विवेचना में रामपुर के शहर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला घेर मर्दान खां निवासी जुबैर कुरैशी का नाम प्रकाश में आया। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। उसकी गिरफ्तारी मंगलवार को बरेली एसटीएफ ने रामपुर में मुठभेड़ के दौरान की।
की जा रही थी तलाश
पशु तस्करी के आरोपी जुबैर की तलाश की जा रही थी। उसपर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एसटीएफ भी तलाश में जुटी थी। गिरफ्तारी की जानकारी की जा रही है। - राकेश सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर