बलरामपुर। कोरोना कर्फ्यू में बिना मास्क के दूसरी बार पकड़े जाने पर जिले के एक युवक पर पहली दस हजार का जुर्माना ठोका गया है। कोविड एक्ट के तहत यह कड़ी कार्रवाई उतरौला कोतवाली क्षेत्र के चौकी बांक भवानी की पुलिस ने की। कोरोना प्रोटोकाल का उल्लंघन करने पर एकमुश्त किसी आरोपी पर इतना भारी भरकम जुर्माना लगाने का यह जिले का पहला मामला है।
एसपी हेमंत कुटियाल ने जिले के सभी कोतवाली व थानों के प्रभारी निरीक्षकों को 17 मई की प्रात: 10 बजे तक लागू कोरोना कर्फ्यू का नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है।
प्रभारी निरीक्षक उतरौला कोतवाली पंकज कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया कि बांक भवानी के चौकी प्रभारी विपुल कुमार पांडेय ने चेकिंग के दौरान रहीमुद्दीन को दूसरी बार बिना मास्क के लॉकडाउन का उल्लंघन कर घर से बाहर घूमते पकड़ा गया।
बिना मास्क के पहली बार घूमते पकड़े जाने पर रहीमुद्दीन से एक हजार का जुर्माना वसूला गया था। चौकी प्रभारी ने रहीमुद्दीन को दूसरी बार भी बिना मास्क के घूमते पकड़े जाने पर 10 हजार का जुर्माना ठोका।
जिले का यह पहला मामला है जिसमें बिना मास्क के बाहर घूमने के आरोप में इतनी सख्त कार्रवाई की गई है। एसपी ने बताया कि जिले के सभी कोतवाली व थानों के प्रभारी निरीक्षकों और चौकी प्रभारियों को कोरोना कर्फ्यू के दौरान बिना मास्क के घरों से बाहर घूमने वालों के खिलाफ जुर्माना वसूली की कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।
एसपी के निर्देश पर जिले भर में 17 मई की प्रात: सात बजे तक कोरोना कर्फ्यू में बिना मास्क के बाहर घूमने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर जुर्माना वसूली होगी। एसपी ने जिले के लोगों से अपील भी कि कोरोना संक्रमण को खत्म करने की मुहिम में मास्क का शत प्रतिशत उपयोग कर अपना सहयोग प्रदान करें।