फोटो-18-बलरामपुर के भुरकुंडा गांव में खोदी जा रही कब्र।-संवाद
उतरौला। भुरकुंडा गांव में 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के आठ दिन बाद प्रशासन ने कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की वजह को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू की थी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।
भुरकुंडा निवासी बब्बू शाह की 15 वर्षीय पुत्री की 10 अगस्त को संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। परिजनों ने 11 अगस्त को उतरौला स्थित शाहजहानी कब्रिस्तान में शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया था। इसके बाद गांव के एक युवक की शिकायत पर जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने मामले की जांच के निर्देश दिए।
पुलिस जांच में मौत की वजह को लेकर अलग-अलग बातें सामने आईं। मृतका के पिता ने पहले पुलिस को करंट लगने से मौत की जानकारी दी थी। बाद में पुलिस के सामने फांसी लगाने की बात सामने आई। विरोधाभासी बयानों के कारण पुलिस का संदेह बढ़ गया।
प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर बीट सिपाही की रिपोर्ट के आधार पर शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कार्रवाई के दौरान एसडीएम योगेंद्र शरण शाह, वीरेंद्र प्रताप यादव और पुलिस टीम मौजूद रही।
एसडीएम योगेंद्र शरण शाह ने बताया कि जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में शव निकलवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।