प्रधान डाकघर में पांच दिन से ठप था काम
आधार संशोधन के लिए 28 अक्तूबर तक दिये जा चुका हैं टोकन
संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। प्रधान डाकघर में पांच दिन बाद आधार कार्ड संशोधन का काम शुरू हो गया है। डाकघर में 27 अगस्त से कंप्यूटर में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण काम बंद हो गया था। लगातार पांच दिनों तक काम प्रभावित होने के चलते सैकड़ों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
डाकघर में नेटवर्क की समस्या होने से पांच दिनों से साइट नहीं खुल रही थी। इससे इन तिथियों में टोकन लेने वाले लोग आधार संशोधन के लिए डाकघर पहुंच रहे थे। डाकघर पहुंचने पर पता चलता कि काम नहीं हो पाएगा। तब वह लोग निराश होकर लौट जाते थे। तेज धूप में उमस भरी गर्मी में पांच दिनों तक लोगों को भटकना पड़ा।
श्रीदत्तगंज बाजार से आए आज्ञाराम व रामकुमार ने बताया कि उनके बच्चों के आधार कार्ड में संशोधन कराना है। आधार कार्ड में संशोधन के लिए तीन अगस्त को डाकघर में टोकन लिया था। टोकन में 27 अगस्त की तिथि लिखकर आधार कार्ड में संशोधन के लिए बुलाया गया था। 27 अगस्त से नेटवर्क न होने के कारण काम नहीं हो सका।
टोकन लेने वालों की बढ़ रही भीड़
प्रधान डाकघर में आधार कार्ड बनवाने वाले लोगों की जुट रही भीड़ काे संभालने के लिए 28 अक्तूबर तक टोकन बांट दिए गए हैं। टोकन में तिथिवार लोगों को बुलाया जा रहा है। पांच दिनों तक तकनीकी खराबी आने से टोकन बांटने का सिस्टम भी गड़बड़ा गया है। ऐसे में लोगों की भीड़ बढ़ गई है।
डाकघर के आधार सेंटर में लगे कंप्यूटर में अचानक तकनीकी खराबी आ गई थी। इससे काम प्रभावित हुआ है। कंप्यूटर में खराबी ठीक करा दिया गया है। अब आधार कार्ड का काम होने लगा है। -राजकुमार मिश्र, अधीक्षक प्रधान डाकघर