बलरामपुर। परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं और शिक्षामित्रों को सोमवार ऑनलाइन हाजिरी का जबरदस्त विरोध किया। शिक्षकों ने हाथ की बांह पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया और शिक्षण कार्य किया। सभी शिक्षक संगठनों ने पहले ही ऑनलाइन हाजिरी का विरोध की घोषणा कर दी थी। शिक्षक संगठनों ने कहा कि 14 जुलाई तक सभी शिक्षक हाथों पर काली पट्टी बांधकर विरोध करेंगे। 15 जुलाई को जिलाधिकारी कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन करते हुए एक दिवसीय धरना प्रदर्शन करेंगे। इस बाबत बीएसए, शुभम शुक्ला का कहना है कि ऑनलाइन हाजिरी से तमाम ऐसे कार्य आसान हो जाएंगे जिनके लिए शिक्षक महीनों दौर लगाते थे। पेपर वर्क भी कम होगा। शिक्षकों को ऑनलाइन हाजिरी का फायदा बताते हुए उन्हें डिजिटल हाजिरी के लिए प्रेरित किया जाएगा।
रजिस्टर पर किया हस्ताक्षर
श्रीदत्तगंज क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय कालूबनकट में सुबह 7.32 पर शिक्षक विद्यालय तो पहुंची पर डिजिटल हाजिरी की बजाय उन्होंने रजिस्टर पर हस्ताक्षर किया। प्रधानाध्यापक दिलीप चौहान का कहना था कि शिक्षक संगठन का यह फैसला है इसलिए वह रजिस्टर पर ही हाजिरी दर्ज कराएंगे। वहीं सदर शिक्षा क्षेत्र के कई प्रधानाचार्यों ने बताया कि सरकार ने इसे जल्दबाजी में लागू कर दिया। जिले में कई ऐसे स्थान है जहां पर नेटवर्क की समस्या हमेशा बनी रहती है। कंपोजिट विद्यालय माधवडीह में प्रधानाध्यापक प्रदीप चौहान ने बताया कि डिजिटल के नाम पर शिक्षकों का शोषण किया जा रहा है।