बांह में काली पट्टी बांधकर शिक्षकों ने चौथे दिन भी किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। नई पेंशन नीति व बायोमीट्रिक हाजिरी के खिलाफ एमएलके महाविद्यालय के शिक्षकों का विरोध प्रदर्शन चौथे दिन शनिवार को भी जारी रहा। शिक्षकों ने बांह में काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। फुपुक्टा के बैनर तले शिक्षकों ने विरोध जताते हुए अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी भी की।
सुआकटा के अध्यक्ष व एमएलके महाविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. विमल प्रकाश वर्मा ने कहा कि सरकार ने पुरानी पेंशन को समाप्त कर हम लोगों के बुढ़ापे के सहारे को छीन लिया है। नई पेंशन स्कीम से हम लोगों का काफी नुकसान हो रहा है। नई पेंशन नीति एवं बायोमीट्रिक हाजिरी हम लोग किसी भी रूप में स्वीकार नहीं करेंगे। सरकार की शिक्षा विरोधी नीतियों के विरुद्ध प्रदेश भर के शिक्षक आंदोलनरत हैं। एमएलके महाविद्यालय के शिक्षक भी इस आंदोलन में बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
महाविद्यालय के शिक्षकों ने बांह में काली पट्टी बांधकर अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। इस अवसर पर प्रो. प्रकाश चंद्र गिरी, प्रो. तबस्सुम फरखी, डॉ. अनामिका सिंह, डॉ. स्वदेश भट्ट, डॉ. रमेश शुक्ल, डॉ. आशीष लाल, डॉ. प्रखर त्रिपाठी, डॉ. साक्षी शर्मा, डॉ. अनुज सिंह, डॉ. भानु त्रिपाठी व डॉ. सैंकी रूहेला आदि मौजूद रहे।