बलरामपुर। सदर ब्लॉक की ग्राम पंचायत विशुनीपुर स्थित पंचायत भवन में बुधवार को ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस (वीएचएनडी) सत्र आयोजित किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने सत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान पर्यवेक्षक राधा कन्नौजिया अनुपस्थित मिलीं। पर्यवेक्षण कार्य में लापरवाही मिलने पर सीएमओ ने नाराजगी जताते हुए उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण, किशोरी स्वास्थ्य और पोषण संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली। एएनएम रीना शुक्ला ने बताया कि सत्र में 12 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच (एएनसी) की गई, जबकि 13 बच्चों का टीकाकरण किया गया। वहीं चार किशोरियों को पोषण, एनीमिया की रोकथाम और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
सीएमओ ने प्रभारी चिकित्साधिकारी बलरामपुर डॉ. जावेद अख्तर को पर्यवेक्षक का वेतन रोकने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वीएचएनडी ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने नियमित टीकाकरण, प्रसव पूर्व जांच और पोषण सेवाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस मौके पर जिला मलेरिया अधिकारी राजेश पांडेय, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्र, आशा कार्यकर्ता शिल्पी गुप्त और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अनीता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।