बलरामपुर। वेटलैंड संरक्षण के लिए शिक्षा विभाग मुहिम शुरू करेगा। विद्यालयों में प्रतियोगिता कराकर छात्र-छात्राओं को वेटलैंड संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। विद्यार्थी वेटलैंड मित्र बनकर संरक्षण की शपथ लेंगे।
बीएसए शुभम शुक्ल ने बताया कि शिक्षा निदेशालय के निर्देशानुसार दो फरवरी को वर्ल्ड वेटलैंड डे (विश्व आर्द्रभूमि दिवस) मनाया जाएगा। इसके तहत शिक्षा विभाग की तरफ से वेटलैंड संरक्षण अभियान चलाया जाएगा। परिषदीय विद्यालयों के सभी छात्र-छात्राओं को वेटलैंड्स मित्र बनाकर संरक्षण की शपथ दिलाई जाएगी। कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों के बीच अपने भविष्य के लिए वेटलैंड की सुरक्षा विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता कराई जाएगी। इसी विषय पर विद्यालयों में नुक्कड़ नाटक भी कराया जाएगा। सार्वजनिक स्थलों पर रैली व नाटक के जरिए लोगों को वेटलैंड संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। विद्यार्थियों को नजदीक वेटलैंड का भ्रमण कराकर वहां साफ-सफाई के साथ पौधारोपण भी कराया जाएगा।