बलरामपुर। वोटरों को धमकाने और आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पोलिंग बूथों का भ्रमण कर अराजक तत्वों को चेतावनी दी गई। गांवों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम कराकर वोटरों से मतदान करने की अपील की गई।
विधानसभा चुनाव में मतदान के दिन शांति व्यवस्था सुदृढ़ रखने के लिए एसपी हेमंत कुटियाल ने जिले के सभी कोतवाली व थानों के प्रभारी निरीक्षकों को पोलिंग बूथों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया है। एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में पोलिंग बूथों की जांच-पड़ताल की जा रही है। सोमवार को नगर कोतवाल संजय दूबे ने सदर विधानसभा क्षेत्र के पोलिंग बूथ जिगना, बरगदही व तेंदुई का निरीक्षण किया।
ग्रामीणों से बिना डर व प्रलोभन के मतदान करने की अपील की गई। मतदान के दिन पोलिंग बूथों के आसपास अराजकता फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ कोतवाल ने कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी। ग्रामीणों को आदर्श चुनाव आचार संहिता के बारे में भी जानकारी दी गई। कोतवाल जरवा पवन कुमार कन्नौजिया के नेतृत्व में महिला आरक्षियों ने मोहकमपुर गांव में ग्रामीणों से तीन मार्च को होने वाले मतदान के दिन वोट देने की अपील की।