बलरामपुर में जिला कारागार का निरीक्षण करते डीएम व एसपी।
बलरामपुर। कारागार की संवेदनशीलता को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जाए। कारागार में मोबाइल व आपत्तिजनक वस्तु मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। कैदियों की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों की समुचित व्यवस्था कराई जाए।
यह निर्देश जिलाधिकारी अरविंद सिंह व पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने शुक्रवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण करते हुए जेल अधिकारियों को दिए। डीएम व एसपी ने में रह रहे बंदियों के लिए बनवाए गए अस्पताल का जायजा लिया। अस्पताल में भर्ती कैदियों से बातचीत करते हुए उनका हाल जाना और मिलने वालीं सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद रसोईघर का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता परखी।
जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि बैरक में किसी भी कैदी के पास मोबाइल अथवा किसी भी तरह के आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिलने चाहिए। जिला कारागार परिसर की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं। सभी कैमरे चलित अवस्था में होने चाहिए। इस अवसर पर जेलर एसपी मिश्रा व जेल अधीक्षक पीके सिंह आदि मौजूद रहे।