फोटो-26-बलरामपुर के मध्यनगर में दमखम दिखाते पहलवान ।-संवाद
गैसड़ी। पचपेड़वा के मध्य नगर में हिंदू-मुस्लिम एकता दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें जम्मू-कश्मीर, कलियर शरीफ, हरियाणा, राजस्थान, बांदा, दिल्ली, गोरखपुर और सहारनपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए पहलवानों ने दमखम दिखाया। प्रतियोगिता का आयोजन हामिद सेठ व सद्दाम सेठ की ओर से किया गया।
दंगल के समापन दिवस पर एक से बढ़कर एक रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पहले मुकाबले में काली घटा पहलवान ने आकाश पहलवान को पराजित किया। दूसरे मुकाबले में सुल्तान पहलवान ने भवानी पहलवान को चित कर जीत दर्ज की। खालिक और गोविंद पहलवान के बीच हुई कुश्ती बराबरी पर छूटी।
इसके बाद बाबा रविशंकर दास पहलवान ने मोनू पहलवान को हराया। महिला वर्ग की कुश्ती में दिल्ली की नेहा पहलवान ने सौम्या पहलवान को पराजित किया। बजरंगी पहलवान ने भानू पहलवान को मात दी। सुल्तान पहलवान ने शाका पहलवान को हराकर अपनी दावेदारी मजबूत की। अगले मुकाबले में बाबा रविशंकर दास ने पवन पहलवान को पराजित किया। अंतिम और मुख्य मुकाबला बाबा रविशंकर दास और सुल्तान पहलवान के बीच हुआ, जो कड़े संघर्ष के बाद बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके आधार पर दोनों पहलवानों को संयुक्त रूप से दंगल चैंपियन घोषित किया गया। दंगल कमेटी की ओर से संयुक्त चैंपियन बाबा रविशंकर दास और सुल्तान पहलवान को 21 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर हामिद सेठ, सद्दाम सेठ, अफजल, गुलाम, शत्रुघ्न गुप्ता, फिरोज, गुड्डू सेठ, शेख नूरानी आदि मौजूद रहे।
फोटो-26-बलरामपुर के मध्यनगर में दमखम दिखाते पहलवान ।-संवाद