फोटो-24-बलरामपुर के तुलसीपुर में सब्जी खरीदते लोग ।-संवाद
तुलसीपुर। सब्जियों के लगातार बढ़ते दामों ने आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। हर घर की थाली का जरूरी हिस्सा रहने वाले प्याज, लहसुन और अदरक अब महंगाई के कारण लोगों की पहुंच से दूर होते जा रहे हैं। तड़का लगाने और स्वाद बढ़ाने वाली इन चीजों के दाम बढ़ने से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को रोजमर्रा के भोजन में कटौती करनी पड़ रही है।
लहसुन, प्याज और अदरक के दाम करीब दोगुने हो गए हैं, जबकि हरी सब्जियों के दाम में भी 20 से 25 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। बाजार में तरोई, लौकी और करेला 30 रुपये किलो बिक रहे हैं, जबकि टमाटर का भाव लगातार 40 रुपये किलो के आसपास बना हुआ है। सब्जी खरीदने पहुंचे मनोज कुमार और अभय कुमार ने बताया कि हर सप्ताह सब्जियों के दाम बढ़ रहे हैं, जिससे महीने का पूरा बजट प्रभावित हो रहा है।
किलो की जगह पाव भर से चला रहीं काम
गृहिणी शीला और आरती ने बताया कि पहले जिन सब्जियों को किलो भर खरीदा जाता था, अब उन्हें कम मात्रा में खरीदकर गुजारा करना पड़ रहा है। महंगाई का असर बच्चों के पोषण के साथ ही परिवार के खाने के स्वाद पर भी पड़ रहा है।
आवक की कमी से बढ़े दाम
स्थानीय व्यापारियों रमेश कुमार, वसीम खान, तैय्यब और दयाराम के अनुसार आवक में कमी और परिवहन लागत बढ़ने के कारण सब्जियों के दाम बढ़े हैं। उनका कहना है कि नई फसलों की आवक तेज होने के बाद ही बाजार में राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल महंगी सब्जियों ने आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है।
सब्जियों के भाव
सब्जी
10 दिन पहले
मौजूदा दाम (प्रति किलो)
लहसुन
80 रुपये
150 रुपये
अदरक
160 रुपये
200 रुपये
प्याज
30 रुपये
50 रुपये
टमाटर
20 रुपये
40 रुपये
तरोई
25 रुपये
30 रुपये
लौकी
20 रुपये
30 रुपये
करेला
25 रुपये
30 रुपये