बलरामपुर के नगर कोतवाली में अभियुक्त के साथ मौजूद पुलिसकर्मी।
बलरामपुर। घर के पास से बुधवार की शाम अचानक गायब हुई सिया की गला दबाकर हत्या करने की बात उसके मौसा करन ने पुलिस के सामने स्वीकार की थी। शनिवार को इस बात की पुष्टि सिया के पीएम रिपोर्ट में भी हो गई। पुलिस ने मौसा करन के खिलाफ हत्या करने, हत्या के लिए अपहरण करने और साक्ष्य छिपाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
मृतक सिया की मां मीनू देवी ने सपने भी में भी नहीं सोचा था की बेटी को लेकर जिस बहन के घर रक्षाबंधन में आई थी उसी बहन का पति एक दिन उसकी बेटी की हत्या कर देगा। बीते 11 अक्तूबर की शाम मोहल्ला गदुरहवा स्थित मौसा के घर के सामने कुछ बच्चों के साथ खेलते समय अचानक सिया गायब हो गई थी। उसके गायब होने की सूचना मां मीनू ने नगर कोतवाली में दी। बीते शुक्रवार की शाम दिप्पवा बाग जाने वाले बंधे के किनारे गड्ढे में सिया का शव पड़ा मिला था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने सिया के मौसा से पूछताछ की ताे उसने उसकी गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
नगर कोतवाल विमलेश कुमार ने बताया कि सिया की पीएम रिपोर्ट आ गई है। जिसमें गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि की गई है।