बलरामपुर के गैड़ास बुजुर्ग थाने में घटना की छानबीन करती एसआईटी टीम ।-संवाद
बलरामपुर। गैड़ास बुजुर्ग में दलित युवक के आत्मदाह मामले की जांच कर रही एसआईटी ने जिले में दोबारा दस्तक दी है। टीम ने शनिवार को घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के दुकानदारों से जानकारी ली। साथ ही मृतक के गांव पहुंचकर परिजनों से बातचीत की।
जमीन पर कब्जा होने से आहत दलित राम बुझारत ने 24 अक्तूबर 2023 को फेसबुक पर लाइव होकर आत्मदाह कर लिया था। केजीएमयू लखनऊ में उपचार के दौरान 30 अक्तूबर को उनकी मौत हो गई थी। मामले में गैड़ास बुजुर्ग थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। राम बुझारत की पत्नी कुसुमा ने मामले को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। जिस पर हाईकोर्ट के आदेश पर एसआईटी मामले की जांच कर रही है। एसआईटी की आईजी मंजिल सैनी ने शनिवार को एएसपी गोंडा राधेश्याम राय व एडीएम बहराइच गौरव रंजन श्रीवास्तव के साथ उस स्थल का निरीक्षण किया, जहां पर दलित राम बुझारत ने आत्मदाह किया था। इसके बाद टीम ने घटनास्थल के आसपास के दुकानदारों व अन्य लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली। टीम मृतक राम बुझारत के गांव भी पहुंची। एसपी विकास कुमार ने टीम के आने की पुष्टि की है।