बलरामपुर। जिले में रविवार को दोपहर दो बजे तक 56.05 फीसदी वोटरों का गणना प्रपत्रों से मिलान पूरा कर लिया गया है। जनपद के चारों विधानसभा क्षेत्रों में 172 सुपरवाइजरों की निगरानी में 1724 बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) घर-घर जाकर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) गणना प्रपत्र भरवाने में जुटे हैं। निर्वाचन आयोग ने गणना प्रपत्र भरवाने की तिथि बढ़ा दी है। अब 11 दिसंबर तक अभियान चलेगा। अब बाकी बचे 43.95 फीसदी वोटरों का गणना प्रपत्र भरवाकर उन्हें पूरा करने की चुनौती है।
जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में 15 लाख 83 हजार 27 वोटरों का एसआईआर फॉर्म से मिलान करके भरना है। इसमें 8,53,765 पुरुष, 7,29,209 महिलाएं व 53 थर्ड जेंडर वोटर शामिल हैं। चारों विधानसभा क्षेत्रों में रविवार की दोपहर दो बजे तक बीएलओ एप के माध्यम से फॉर्म का सत्यापन करके 8,87,365 वोटरों का मिलान किया गया। इनका गणना प्रपत्र भरवा लिया गया है। बाकी बचे 6,95,661 वोटरों का अब 11 दिसंबर तक गणना प्रपत्रों से मतदाता सूची का मिलान पूरा कराना है।
सदर विधानसभा क्षेत्र में 434 बीएलओ ने 51.48 फीसदी वोटरों का मिलान करके गणना प्रपत्र भरवा लिया है। 11 दिसंबर तक 48.52 फीसदी वोटरों का मिलान करके गणना प्रपत्र भरवाना है। उतरौला विधानसभा क्षेत्र में 463 बीएलओ ने 52.81 फीसदी वोटरों का मिलान करके गणना प्रपत्र भरवा लिया है, जबकि 47.19 फीदसी वोटरों का मिलान बाकी है। तुलसीपुर विधानसभा क्षेत्र में 414 बीएलओ ने 58.79 फीसदी वोटरों का मतदाता सूची से मिलान करके गणना प्रपत्र भरवा लिया है। यहां पर 41.21 फीसदी वोटरों का मिलान होना बाकी है। गैसड़ी विधासभा में 413 बीएलओ ने अब 62.44 फीसदी वोटरों का गणना प्रपत्र मिलान कर लिया है। यहां 37.56 फीसदी वोटरों का मिलान होना बाकी है।
समय से एसआईआर पूरा कराने का निर्देश
निर्वाचन आयोग ने गणना प्रपत्र भरवाने की तिथि बढ़ा दी है। अब 11 दिसंबर तक मतदाता सूची से वोटरों का मिलान करके गणना प्रपत्र भरवाए जाएंगे। 12 से 15 दिसंबर तक ड्राफ्ट रोल तैयार किया जाएगा। 16 दिसंबर को सूची की कच्ची कॉपी प्रकाशित की जाएगी। 16 दिसंबर से 15 जनवरी तक दावे व आपत्तियां ली जाएंगी। सात फरवरी तक दावे व आपत्तियों का निस्तारण कराया जाएगा। अब 14 फरवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।
-ज्याेति राय, एडीएम वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी