बलरामपुर। बिजली बिल राहत योजना एक दिसंबर से शुरू हो रही है। इससे जिले के उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत मिलेगी। वर्षों से लंबित बकाया और ब्याज के बोझ से दबे उपभोक्ताओं को इस योजना के तहत छूट प्रदान की जाएगी। जिले के कुल 2,62,444 बकायेदार उपभोक्ताओं को लगभग 382 करोड़ रुपये की राहत मिलेगी।
अधिशासी अभियंता अजय सिंह ने बताया कि बलरामपुर डिवीजन में लगभग 54 हजार उपभोक्ताओं पर 80 करोड़ रुपये का बकाया है। उपभोक्ता राहत योजना में पंजीकरण करके अपना बकाया जमा करते हैं तो ब्याज व मूलधन समेत कुल 52 करोड़ रुपये विभाग से माफ कर दिए जाएंगे। बताया कि यह अवसर उपभोक्ताओं को आर्थिक रूप से बड़ी राहत देगा। सभी लोग समय पर पंजीकरण करके लाभ उठाएं।
तुलसीपुर डिवीजन में स्थिति अधिक गंभीर है। तुलसीपुर में 2,08,444 उपभोक्ताओं पर 576 करोड़ रुपये का बकाया है। अधिशासी अभियंता अतुल कुमार ने बताया कि योजना के लागू होने से करीब 330 करोड़ रुपये की सीधी राहत उपभोक्ताओं को मिलेगी। शासन ने अब तक की सबसे प्रभावी व सरल योजना लागू की है, जिसका लाभ उठाकर उपभोक्ता पूरी तरह बकाये से मुक्त हो सकते हैं।
योजना एक दिसंबर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक लागू है। पंजीकरण के समय उपभोक्ताओं को 2000 रुपये जमा करने होंगे। पूरी योजना अवधि में वर्तमान बिलों पर 100 प्रतिशत छूट के साथ ही मूलधन में 25 फीसदी छूट मिलेगी। एकमुश्त और किश्तों दोनों तरीकों से भुगतान पर अलग-अलग छूट उपलब्ध है।