बलरामपुर। शहर हो या गांव रंगों की फुहार के बीच सोमवार को होली की उमंग चारों तरफ देखने को मिली। लोगों ने एक दूसरे को अबीर-गुलाल व रंग लगाकर होली की बधाई दी। रविवार की रात होलिका जलाकर लोगों ने बुराईयों से दूर रहने का संकल्प लिया। होली के दिन एक दूसरे को त्योहार की बधाई देने और गुझिया के साथ तरह-तरह के पकवान खाने-खिलाने का दौर देर रात तक चलता रहा।
जिले में रविवार की शाम से ही शहर व गांवों में होलिका दहन का सिलसिला शुरू हो गया। होलिका दहन के दौरान आग की लपटों के बीच बुरी आदतों को छोड़ने तथा बुराइयों से दूर रहने का संकल्प लिया गया। सोमवार की सुबह से ही नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने अबीर-गुलाल व रंगों के साथ होली खेलना शुरू कर दिया। दोपहर दो बजे तक नगर की सड़कों पर जमकर अबीर-गुलाल उड़ाया गया। जगह-जगह बज रहे गाने एवं डीजे की धुन पर लोगों ने जमकर डांस किया। ग्रामीण क्षेत्रों में होली खेलने के साथ लोगों ने फगुआ गीत का आनंद भी उठाया।
बच्चों ने जहां रंग व पिचकारी से होली खेली वहीं पुरुष व महिलाओं ने अबीर-गुलाल लगाया। भगवतीगंज में सभासद संजय कुमार मिश्रा की अगुवाई में होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। तुलसीपुर में शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर के महंत मिथिलेश नाथ योगी व विधायक कैलाश नाथ शुक्ल की अगुवाई में होली जुलूस निकाला गया। जुलूस देवीपाटन मंदिर से निकलकर लाल चौराहा, मिल चुंगीनाका, पुरानी बाजार, हनुमानगढ़ी मंदिर, नई बाजार चौक, गायत्री शक्तिपीठ व बलरामपुर बाईपास होते हुए मंदिर पहुंचकर समाप्त हुआ। जुलूस में रंजीत आजाद, नवीन विक्रम सिंह, विजय कुमार सिंह, बीके शुक्ला व आरके शर्मा सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
मथुरा बाजार, ललिया, हरैया, गौरा चौराहा, गैसड़ी, पचपेड़वा, श्रीदत्तगंज, गैड़ास बुजुर्ग, सादुल्लाहनगर, रेहरा एवं महदेइया बाजार आदि स्थानों पर भी होली पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा की अगुवाई में होली मिलन समारोह का आयोजन हुआ। समारोह में लोगों ने गिले शिकवे भूलकर एक-दूसरे को रंग लगाया और होली की बधाई दी। सदर विधायक पल्टूराम, गैसड़ी विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू व भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने क्षेत्रवासियों के साथ होली खेलते हुए लोगों को एकता एवं भाईचारे के साथ मिल जुलकर रहने का संदेश दिया।
घरों में गुझिया, रसगुल्ला, मालपुआ, छोला, टिकिया, गुलगुला व हलुआ सहित तरह-तरह के पकवानों को खाने व खिलाने का सिलसिला देर रात तक चला। होली में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जगह-जगह पर पुलिस फोर्स की तैनाती की गई।
उधर चौरसिया समाज की तरफ से राम जानकी मंदिर बलुहा में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। चौरसिया समाज के लोगों को होली की बधाई देते हुए वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डॉ. बीआर चौरसिया ने कहा कि त्योहारों से आपसी संबंध मजबूत होते हैं। होली का त्योहार प्रेम व आपसी सौहार्द को बढ़ावा देता है। इस अवसर पर राजेन्द्र चौरसिया, गणेश, श्याम कुमार, अनिल, अजय, मनोज व शिव कुमार आदि मौजूद रहे।
महाराजा जयेंद्र प्रताप को मिला बलरामपुर रत्न सम्मान
होली महोत्सव समिति की तरफ से रामलीला मैदान में होली ठिठोली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समिति के सदस्यों ने महाराजा जयेंद्र प्रताप सिंह को बलरामपुर रत्न, समाजसेवी व एसएससी ग्रुप के एमडी धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरु को बलरामपुर भूषण तथा डॉ. सतीश सिंह को बलरामपुर श्री के सम्मान से सम्मानित किया।
इस दौरान अनिल पांडेय चुलबुल को मूर्खाधिराज तथा सुनील श्रीवास्तव मूर्खाधिपति के रूप में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, भाजपा मीडिया प्रभारी डीपी सिंह, नगर पालिक अध्यक्ष प्रतिनिधि शाबान अली, राज कुमार श्रीवास्तव, डा. तुलशीश दूबे, संजय शर्मा व केके गुप्ता सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
नगर पालिका ने की चाक-चौबंद व्यवस्था
होली को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने सोमवार को नगर में बिजली, पानी एवं साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था की। होलिका दहन के लिए शनिवार को ही नगर के सभी होलिका स्थलों की सफाई कराकर तीन-तीन क्विंटल लकड़ी पहुंचाई गई। होली खेलने के बाद सफाई कर्मियों की टीम लगाकर सड़कों की सफाई कराने के साथ-साथ चूने व पानी का छिड़काव भी कराया गया। नगर पालिका अध्यक्ष किताबुन्निशा के प्रतिनिधि शाबान अली ने सभासदों के साथ नगर भ्रमण कर सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया और नगरवासियों को होली की बधाई दी।
पुलिस लाइन में हुआ होली मिलन समारोह
पुलिस लाइन में मंगलवार को होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को होली की बधाई देते हुए मिष्ठान का वितरण किया। इससे पूर्व सभी थानों व चौकियों में पुलिस अधिकारियों व कर्मियों ने एक-दूसरे को अबीर, गुलाल व रंग लगाया। होली मिलन समारोह में एएसपी अरविंद मिश्रा, सीओ वरुण मिश्रा, नगर कोतवाल मानवेंद्र पाठक व देहात थानाध्यक्ष विद्यासागर वर्मा आदि मौजूद रहे।