हरैया सतघरवा (बलरामपुर)। हरैया क्षेत्र स्थित गन्ने के खेत में तेंदुआ दिखाई पड़ने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने समूह में तेंदुए की तलाश की पर उसका पता नहीं चला। इस पर ग्रामीणों ने सूचना वन विभाग को दी है।
हरैया क्षेत्र के अतरपरी निवासी सियाराम यादव ने मंगलवार को बताया कि वह अपने खेत में गन्ना काट रहे थे। कचनी नाला से अचानक एक तेंदुआ आकर उनके गन्ने के खेत में छिप गया। पास में काम कर रहे किसान चेतराम, प्रतागढ़ी, लाल मोहम्मद, ध्रुव कुमार व मेवालाल आदि ने भी तेंदुए को खेत में आते देखा। इस पर सभी ने उसे भगाने के लिए खोजबीन शुरू की पर उसका पता नहीं चला।
तेंदुए के पदचिह्न का फोटो मोबाइल में लेकर किसानों ने बनकटवा रेंजर को भेजा और घटना की सूचना दी। बनकटवा रेंजर राकेश कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना मिलते ही मौके पर वन विभाग की टीम भेजी गई। टीम की रिपोर्ट में भी तेंदुए के पदचिह्न मिले है। गांव के आसपास पिंजड़ा लगाया जाएगा और तेंदुए को पिंजड़े में कैद कर जंगल में छोड़ा जाएगा। जब तक तेंदुए पकड़ न लिया जाए तब तक ग्रामीण सतर्क रहें।