बलरामपुर। जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत जिले में सोमवार से स्वगणना की प्रक्रिया शुरू होगी। यह अभियान 30 नवंबर तक चलेगा। इसके तहत नागरिकों को अपने और अपने परिवार से जुड़ी जानकारियां स्वयं दर्ज करने का अवसर मिलेगा। प्रशासन ने अभियान के पहले दिन राजस्व एवं प्रशासनिक कार्मिकों, जनप्रतिनिधियों और नगर निकायों के लिए विशेष स्वगणना दिवस निर्धारित किया है। इस दौरान जिले के जनप्रतिनिधियों के साथ अधिकारी और कर्मचारी भी अपनी स्वगणना करेंगे।
अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी संदीप केला ने बताया कि जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के विधायक पल्टूराम, रामप्रताप वर्मा, कैलाशनाथ शुक्ला और राकेश यादव स्वगणना करेंगे। इनके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह, उतरौला की अध्यक्ष सविता गुप्ता, तुलसीपुर की अध्यक्ष कहकशां फिरोज, पचपेड़वा के अध्यक्ष रवि कुमार और गैसड़ी के अध्यक्ष प्रिंस कुमार भी इस प्रक्रिया में शामिल होंगे।
अभियान के तहत जिले के सभी ब्लॉक प्रमुखों के साथ तुलसीपुर स्थित मां पाटेश्वरी देवी मंदिर के महंत को भी शामिल किया गया है। इनके अलावा पूर्व सांसदों, विधायकों, जिला पंचायत अध्यक्षों, ब्लॉक प्रमुखों और नगर निकायों के पूर्व अध्यक्षों की भी स्वगणना कराई जाएगी।
स्वगणना की जिम्मेदारी अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी और नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को सौंपी गई है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे जनप्रतिनिधियों की स्वगणना के लिए 40 सवालों वाली अनुसूची की हार्ड कॉपी उपलब्ध कराएं, ताकि निर्धारित समय में प्रक्रिया पूरी कराई जा सके।
जिला जनगणना अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान संचालित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, स्वगणना के दौरान की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करने और प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट जिला जनगणना कार्यालय को भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।