बलरामपुर। तीनों तहसीलों के एसडीएम 18 मार्च से सभी ब्लॉक प्रमुख पद का जिम्मा संभालेंगे। संबंधित तहसील के ब्लॉक में एसडीएम ब्लॉक प्रमुख पदों पर प्रशासक के तौर नामित किए जाएंगे।
जिले के नौ ब्लॉकों में तीनों तहसीलों के एसडीएम त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव पूरा होने तक प्रमुख के पद की जिम्मेदारी निभाएंगे। एसडीएम की निगरानी में ब्लॉक प्रमुख के स्तर से होने वाले विकास कार्यों को पूरा कराया जाएगा। 17 मार्च की रात 12 बजे से सभी ब्लॉकों के चुने हुए प्रमुखों का कार्यकाल पूरा हो जाएगा।
गौरतलब हो कि जनवरी 2015 में 997 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने जिले के सभी 9 ब्लॉकों में वोटिंग करके अपने पसंद का ब्लॉक प्रमुख चुना था। चुने गए सभी ब्लॉक प्रमुखों ने 18 मार्च 2015 को अपना कार्यभार ग्रहण किया था। वर्ष 2021 में 17 मार्च की मध्य रात्रि 12 बजे से सभी ब्लॉक प्रमुखों का कार्यकाल पूरा हो जाएगा।
कार्यकाल पूरा होने के बाद शासन स्तर से सभी ब्लॉकों में 18 मार्च से चुनावी प्रक्रिया पूरी होने तक प्रशासक की तैनाती की जाएगी। प्रशासक के तौर पर एसडीएम कार्य करेंगे। एसडीएम के डोंगल से ब्लॉक प्रमुख के स्तर से होने वाले सभी विकास कार्यों को कराया जाएगा।
सदर एसडीएम अरुण कुमार गौड़ को सदर व हरैया सतघरवा ब्लॉक प्रमुख पद का प्रशासक बनाया जाएगा। इसी तरह से तुलसीपुर एसडीएम विनोद कुमार सिंह को तुलसीपुर ब्लॉक के साथ-साथ गैसड़ी व पचपेड़वा ब्लॉकों के प्रमुख पद पर प्रशासक की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। उतरौला एसडीएमा डॉ. नागेंद्र नाथ यादव उतरौला ब्लॉक के साथ-साथ श्रीदत्तगंज, रेहरा बाजार व गैड़ास बुजुर्ग ब्लॉक के प्रमुख पदों का जिम्मा सौंपा जाएगा।
जिले के सभी 9 ब्लॉकों के प्रमुख पदों का कार्यकाल 17 मार्च की मध्य रात्रि 12 बजे पूरा हो जाएगा। 18 मार्च को जिले के तीनों तहसीलों के एसडीएम को संबंधित ब्लॉकों के प्रमुख पदों पर प्रशासक के तौर पर तैनात किया जाएगा। जिले के सभी 9 ब्लॉकों में ब्लॉक प्रमुख के स्तर से होने वाले विकास कार्यों की निगरानी अब प्रशासक के तौर पर एसडीएम संभालेंगे। एसडीएम और बीडीओ के डोंगल से विकास कार्यों पर होने वाले खर्च का भुगतान आदि किया जाएगा।