फोटो-6-बलरामपुर के प्राथमिक विद्यालय नगई में बच्चों का किया गया भव्य स्वागत।(संवाद)
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। लंबे अरसे के बाद विद्यार्थी स्कूल पहुंचे। छह माह बाद कक्षा छह से आठ तक के स्कूलों का संचालन बुधवार से शुरू हो गया। बारिश की वजह से सोमवार को बच्चे स्कूल नहीं आ पाए थे। स्कूलों में कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुए पढ़ाई शुरू कराई गई। एक सितंबर से कक्षा एक से पांच तक के स्कूल भी खोलने की तैयारियां हैं।
कोरोना महामारी की वजह से बंद पड़े कक्षा छह से आठ तक के सरकारी व निजी स्कूलों में बुधवार को विद्यार्थी पहुंचे। सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों में प्रबंधन की तरफ से साफ-सफाई के साथ सैनिटाइजेशन व अन्य इंतजाम कराए गए।
स्कूलों को गुब्बारों से सजाया गया। बैनर लगाकर बच्चों का पंजीकरण कर फिर से स्कूल चलो अभियान शुरू किया गया। बीईओ गैसड़ी कुलदीन नरायन सिंह ने उच्च प्राथमिक विद्यालय नगई में पहुंचकर छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। अध्यापकों ने बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया। ग्राम प्रधान ने सभी विद्यार्थियों को स्कूलों में पढ़ाने के लिए संसाधन उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। अभिभावकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं व रसोईयों ने खुशी जताई। न्याय पंचायत के वरिष्ठ शिक्षक राहुल मिश्र, मंगल चंद गुप्ता व धीरेंद्र कुमार पांडेय ने छात्र छात्राओं को बिस्कुट का पैकेट बांटा।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेंद्र नाथ योगी ने बच्चों, शिक्षकों व रसोईयों को मास्क वितरित किया। बीएसए डॉ. रामचंद्र ने बताया कि सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को कोरोना प्रोटोकाल का पालन करने के साथ छात्र-छात्राओं को पढ़ाने का निर्देश दिया गया है। एक सितंबर से कक्षा एक से पांच तक के स्कूलों को खोलने की भी तैयारियां की जा रही है।