बलरामपुर के विशुनपुर विश्राम से पैदल चलकर जिला मुख्यालय जाती छात्राएं।-संवाद
बलरामपुर। राजकीय आश्रम पद्धति बालिका इंटर कॉलेज विशुनपुर विश्राम में शिक्षकों की कमी से छात्राओं में आक्रोश दिखा। विद्यालय की सैकड़ों थारू छात्राएं सोमवार को शिक्षा की लड़ाई के लिए सड़कों पर उतर आईं। अध्यापक और लैब न होने से परेशान छात्राएं 65 किमी पैदल चलकर जिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंचने का संकल्प लेकर निकल पड़ीं। सूचना पर मौके पर पहुंचे एसडीएम तुलसीपुर छात्राओं को विद्यालय वापस लेकर गए। उन्हाेंने पढ़ाई की नई व्यवस्था भी बनाई।
थारू छात्राओं का कहना था कि परीक्षा नजदीक है और अध्यापक व लैब के अभाव में उनकी तैयारी अधूरी रह जाएगी। थारू नेता मनोहर लाल थारू ने कहा कि प्रयोगशाला की व्यवस्था तत्काल की जानी चाहिए ताकि, प्रयोगात्मक परीक्षा में छात्राओं को कठिनाई न हो। छात्राओं के सत्याग्रह की सूचना मिलते ही नावडीह गांव के पास एसडीएम राकेश कुमार जैन पहुंचे।
उन्होंने छात्राओं को रोक कर उनकी समस्याएं सुनीं और समझाने-बुझाने के बाद कॉलेज पहुंचे। वहां उन्होंने करीब दो घंटे तक खुद क्लास लेकर पढ़ाई कराई। भरोसा दिया कि उनकी पढ़ाई किसी भी कीमत पर प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि दो शिक्षकों की नियुक्ति शासन स्तर से कर दी गई है, जो शीघ्र ही काॅलेज में पहुंचेंगे। इसके अलावा फिजिकल शिक्षक के लिए पुलिस विभाग से वार्ता कर एक महिला पुलिसकर्मी की तैनाती करवा दी गई है। उन्हाेंने पूरी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भी भेजी है।
शासन को भेजा गया है पत्र
राजकीय आश्रम पद्धति बालिका इंटर कॉलेज विशुनपुर विश्राम में शिक्षकों की कमी की समस्या को लेकर डीएम के माध्यम से शासन को पत्र भेजा गया है। शिक्षकों की नियुक्ति होने के बाद समस्या का निस्तारण हो जाएगा।
- डॉ. राहुल गुप्ता, समाज कल्याण अधिकारी