बलरामपुर के महदेइया बाजार में हो रही झमाझम बारिश। संवाद
बलरामपुर। जिले में सुबह से रुक-रुककर हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया। लोगों को गर्मी से राहत मिली तो खेतों को पर्याप्त पानी मिलने से किसानों के चेहरे भी खिल गए। हालांकि बारिश से कई जगह जलभराव व कीचड़ होने से लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी।
पिछले कई दिनों से बारिश न होने से लोग उमस भरी गर्मी से परेशान थे। सोमवार की सुबह मौसम में बदलाव हुआ और रुक-रुक कर बारिश होने का सिलसिला दिन भर चलता रहा। बारिश से नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव व कीचड़ की समस्या हो गई। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश होने से किसानों की चिंता दूर हो गई है। धान की फसल को पर्याप्त पानी मिलने से किसानों को फिलहाल सिंचाई से निजात मिली है। किसान शांति भूषण, कृष्ण कुमार, शिवलाल, करन सिंह, मनोज तिवारी एवं उस्मान आदि ने बताया कि बारिश होने से गन्ना, धान, अरहर व मक्के आदि की फसल को लाभ पहुंचा है। फसल का विकास तेजी से होने की उम्मीद है