बलरामपुर। बार-बार रेलवे क्राॅसिंग बंद होने से शहर में जाम लगता है। बीते सोमवार को 12 घंटे में 13 बार रेलवे क्रॉसिंग को ट्रेनों की आवाजाही के कारण बंद करना पड़ा, ऐसे में कई बार जाम की समस्या उत्पन्न हुई। नगरवासियों ने समस्या का निराकरण कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज का निर्माण हो जाए तो जाम की समस्या से निजात मिल सकती है।
नगरवासी रोहित, बबलू, दीपक, रमेश, बलदेव, संजय व अजय ने बताया कि झारखंडी व संतोषी माता मंदिर के पास दिन में बार-बार रेलवे क्राॅसिंग बंद होने से शहर में घंटों जाम की समस्या बनी रहती है। वाहनों की संख्या अधिक होने से सड़क पर चलना दुश्वार हो गया है। ट्रेनों के बढ़ते आवागमन से जाम की समस्या बनी रहती है।
सोमवार को सुबह से शाम तक 13 बार रेलवे क्रॉसिंग के गेट को बंद करना पड़ा। ओवरब्रिज का निर्माण न होने से लोगों को जाम से परेशानी हो रही है। बार-बार रेलवे लाइन का गेट बंद होने से शहर में जाम लगता है। इस समस्या को बढ़ाने में गन्ना लदे ओवरहाइट वाहन भी कारण बन रहे हैं। इन लोगों ने शासन-प्रशासन से समस्या निराकरण कराने की मांग की है। प्रभारी यातायात उमेश सिंह ने बताया कि पूरे शहर में जाम की समस्या का निराकरण कराने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है।