बलरामपुर। धान की रोपाई से पूर्व निजी दुकानों पर खाद-बीज की जांच शुरू हो गई है। कृषि विभाग की टीमों ने तीनों तहसीलों में 18 खाद-बीज की दुकानों पर पहुंचकर गुणवत्ता की जांच की। दुकान में स्टाॅक रजिस्टर में दर्ज विवरण का भौतिक सत्यापन भी किया। अनियमितता मिलने आठ दुकानदारों को नोटिस दी गई है।
कृषि विभाग की तरफ से निजी खाद-बीज की दुकानों की जांच के लिए तहसील स्तरीय तीन टीमें गठित की गई है। जिला कृषि अधिकारी आरपी राना ने अपनी टीम के साथ उतरौला क्षेत्र में कई दुकानों की जांच की। जिला विकास अधिकारी गिरीश कुमार पाठक व अपर जिला कृषि अधिकारी राकेश चंद्र पांडेय ने तुलसीपुर क्षेत्र में छापेमारी की। तीनों टीमों ने 18 दुकानों पर छापेमारी करके जांच के लिए अलग-अलग उर्वरक के 10 नमूने एकत्र किए। इस दौरान स्टाॅक रजिस्टर व उर्वरक में अनियमितता मिलने पर आठ दुकानदारों को नोटिस दी गई है। जिला कृषि अधिकारी आरपी राना ने बताया कि जांच के लिए नमूने को प्रयोगशाला भेजा जाएगा। यदि उर्वरक के नमूने में कोई कमी मिलती है तो संबंधित दुकानदार का लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा।