बलरामपुर। ग्राम पंचायतों की वर्ष 2026-27 की ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) को ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर अपलोड कराने की प्रक्रिया पंचायत राज विभाग ने तेज कर दी है। जिला पंचायत राज अधिकारी अशोक कुमार सचान ने बताया कि जिले की सभी 793 ग्राम पंचायतों की वार्षिक कार्ययोजनाएं 15 अगस्त तक पोर्टल पर अपलोड की जानी हैं।
उन्होंने बताया कि इस बार भारत सरकार ने ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर नई स्वमूल्यांकन प्रणाली लागू की है, जिससे ग्राम पंचायतें अपनी कार्ययोजना की गुणवत्ता का स्वयं आकलन कर सकेंगी।
नई व्यवस्था के तहत ग्राम सभा में कोरम की पूर्ति, जनभागीदारी, पंचायत के संकल्प के अनुरूप कार्यों का चयन, स्वयं के संसाधनों (ओएसआर) के उपयोग तथा अन्य निर्धारित मानकों के आधार पर 100 अंकों की मूल्यांकन प्रणाली लागू की गई है। सभी ग्राम पंचायतों को कार्ययोजना तैयार करते समय जनसहभागिता सुनिश्चित करने और प्रत्येक मानक का गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीपीआरओ ने कहा कि केवल वही ग्राम पंचायत विकास योजनाएं ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर अपलोड की जाएंगी, जिन्हें स्वमूल्यांकन में कम से कम 75 प्रतिशत अंक प्राप्त होंगे।