बलरामपुर। मातृृ-शिशु मृत्यु दर में कमी लाने तथा जच्चा-बच्चा को स्वस्थ रखने के उद्देश्य से नौ नवंबर को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस मनाया जाएगा। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस पर जिले के 20 अस्पतालों में महिला रोग विशेषज्ञ गर्भवती महिला की समस्या सुनकर जांच व इलाज करेंगी।
सीएमओे डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि संयुक्त जिला चिकित्सालय सहित जिले के 20 अस्पतालों में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने सभी अधीक्षकों को निर्देश दिया है कि वह अपने क्षेत्र के प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व क्लीनिक वाले अस्पतालों में महिला चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करें। आशाओं को ग्रामीण क्षेत्रों की अधिक से अधिक कुपोषित गर्भवती को लाने के लिए प्रेरित किया जाए।
मातृ स्वास्थ्य के जिला परामर्श दाता विनोद त्रिपाठी ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस पर 3000 गर्भवती को चयनित अस्पतालों में लाकर जांच व इलाज की सुविधा देने का लक्ष्य रखा गया है। सुविधाओं का जायजा लेने के लिए 18 सुपरवाइजर लगाए गए है। अस्पताल में दोपहर बाद तक रुकने गर्भवती को भोजन दिए जानेे की व्यवस्था भी की गई है।