बलरामपुर। ब्लॉक स्तर पर गांवों के विकास की कार्ययोजना तैयार होगी। जिले के सभी नौ ब्लॉकों के सभागार में ब्लॉक स्तरीय सभी विभागों के अधिकारियों व ग्राम पंचायत सचिवों की 20 नवंबर को बैठक कराई जाएगी। संबंधित बीडीओ बैठक की अध्यक्षता करेंगे। सीडीओ रिया केजरीवाल ने सभी विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों व 800 ग्राम पंचायतों में तैनात सचिवों को अपने-अपने ब्लॉक सभागार की बैठक में उपस्थित होकर गांवों के विकास की कार्ययोजना तैयार कराने का निर्देश दिया है।
सीडीओ ने सभी बीडीओ को दिए गए निर्देश में कहा है कि 20 नवंबर को बैठक करके गांवों के विकास की सभी कार्ययोजनाएं तैयार करा लें। सदर, हरैया सतघरवा, तुलसीपुर, गैसड़ी, पचपेड़वा, उतरौला, श्रीदत्तगंज, गैड़ास बुजुर्ग और रेहरा बाजार में बीडीओ बैठक सुनिश्चित कराएंगे। सीडीओ ने डीपीआरओ नीलेश प्रताप सिंह को सभी ब्लॉकों की बैठक की कार्यवृत्ति 22 नवंबर को फोटोग्राफ के साथ उपलब्ध कराने का जिम्मा सौंपा है। डीपीएम संदीप कश्यप ने बताया कि ब्लॉक स्तर पर ग्राम पंचायतों के विकास की कार्ययोजना बैठक में तैयार कराई जाएगी।
सीडीओ ने सीएमओ डॉ. सुशील कुमार, डीडीओ गिरीश कुमार पाठक, पीडी अनिल कुमार सिंह, बीएसए डॉ. रामचंद्र, डीआईओएस गोविंद राम, जिला समाज कल्याण अधिकारी एमपी सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी पवन कुमार सिंह, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत इंजीनियर राजेश कुमार मालवीय, एक्सईएन जल निगम मनोज कुमार सिंह सहित सभी विभागाध्यक्षों को 20 नवंबर को जिले के सभी ब्लॉकों पर होने वाले बैठक में अपने विभाग के प्रतिनिधियों को प्रतिभाग कराने का जिम्मा सौंपा है जिससे सभी विभागों की तरफ से तैयार की गई कार्ययोजना के अनुसार गांवों के विकास पर फोकस किया जा सके।