महराजगंज तराई (बलरामपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के सुगानगर गांव में खेत में जाने वाले छुट्टा जानवर की नुकीले हथियार से हत्या करने वाले के खिलाफ ग्रामीणों ने बीते दिन प्रदर्शन कर विरोध जताया। ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की। महराजगंज तराई थाने की पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
ग्रामीण गोलू वर्मा, कल्हू यादव, मोहम्मद अनीस, रामदेव, भोलाराम, रक्षाराम, संगमलाल, झगरु, राजाराम व महराजदीन आदि ने थाने का घेराव कर प्रदर्शन करते हुए कहा कि उनके सुगानगर गांव में एक व्यक्ति ने खेत में जाने वाले छुट्टा जानवर पर नुकीले हथियार से हमला कर हत्या कर दी है।
आसपास के ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। खेत मालिक ने छुट्टा जानवर के ऊपर ताबड़तोड़ नुकीले हथियार से हमला कर मारडाला। हमला करने वाले के खिलाफ पुलिस ने मामूली कार्रवाई करके छोड़ दिया। इन लोगों ने थानाध्यक्ष से आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक थाना महराजगंज तराई चंद्रहास मिश्र ने बताया कि मुकदमा पंजीकृत विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। संवाद