फोटो-1-बलरामपुर के भंगहाकला गांव में व्याप्त गंदगी। (संवाद)
- फोटो : BALRAMPUR
पिपरहवा चौराहा (बलरामपुर)। साफ सफाई न होने से नाराज तुलसीपुर ब्लॉक के भंगहाकला ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। सफाई कर्मी की तैनाती के बाद भी गंदगी होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने डीएम को शिकायती पत्र भेजकर गांव में नियमित साफ-सफाई करवाने की मांग की है। साथ ही चेताया है कि यदि शीघ्र इस परेशानी को दूर नहीं कराया गया तो अनिश्चितकालीन धरना देने को ग्रामीण विवश होंगे।
क्षेत्रीय ग्रामीण सत्यराम गौतम, शिवकुमार, मनोज कुमार, शांति, सरिता, राजदेई, सुमन इत्यादि ने डीएम को भेजे ज्ञापन में बताया कि गांव में तैनात सफाई कर्मी के काम काज न करने के कारण ही तुलसीपुर ब्लॉक के भंगहाकला गांव में चारों ओर गंदगी की भरमार है। जगह-जगह कूड़ा फैला है।
शिकायत के बाद भी लापरवाह सफाई कर्मी पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। नाराज ग्रामीणों को समझाते हुए एडीओ पंचायत तुलसीपुर कृष्ण कुमार श्रीवास्तव ने भरोसा दिलाया कि मामले की जांच कराकर दोषी के खिलाफ सख्त होगी। साथ ही गांव में नियमित साफ-सफाई कराने के लिए भी वैकल्पिक इंतजाम कराने को निर्देशित किया गया है।