15 दिन बाद भी नहीं बदला जा सका जला ट्रांसफार्मर, ग्रामीणाें में आक्रोश
संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। जिले में बिजली संकट बढ़ता जा रहा है। लो-वोल्टेज और लोकल फॉल्ट ने उपभोक्ताओं की मुसीबत बढ़ा दी है। शहर में जहां लोकल फाल्ट के नाम पर बिजली की कटौती की जा रही है, वहीं आपूर्ति होने पर लो-वोल्टेज और बिजली की आवाजाही से परेशानी और बढ़ गई है। दूसरी तरफ ग्रामीण क्षेत्रों में घंटों की कटौती की जा रही है।
लो वोल्टेज की समस्या से उपभोक्ताओं का सुख-चैन छिन गया है। शहर में बिजली आपूर्ति व्यवस्था पटरी से उतर गई है। कभी केबल ब्लास्ट के कारण दिक्कत आ रही है, तो कभी लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। लो-वोल्टेज की समस्या के चलते पंखा, कूलर रेंग रहा है। जिससे उपभोक्ताओं को दिन का चैन और रात की नींद प्रभावित हो रही है। शहर के सिविल लाइन, पहलवारा, नई बस्ती आदि क्षेत्रों में समस्या बनी हुई हैं। दूसरी तरफ ग्रामीण क्षेत्रों में भी घंटों की कटौती की जा रही है। इससे उपभोक्ता काफी परेशान हैं
बिजली आपूर्ति में सुधार के किए जा रहे प्रयास
बिजली आपूर्ति में सुधार के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। जहां पर लोकल फाॅल्ट हो रहा है, वहां कर्मियों को भेजकर तत्काल ठीक कराया जा रहा है। केबल के तार बदलने के बाद लो वोल्टेज की समस्या भी काफी हद तक दूर हो जाएगी। -बालकृष्ण, एक्सईएन पावर कॉर्पोरेशन
उदईपुर बदलपुर में 15 दिन से गुल है बिजली
महाराजगंज तराई। तुलसीपुर विद्युत उपकेंद्र के तहत ग्राम उदईपुर बदलपुर में ट्रांसफार्मर जलने के कारण लगभग 15 दिन से बिजली गुल है। ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर बदलने की शिकायत कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों से की लेकिन आज तक ट्रांसफार्मर नहीं बदलवाया जा सका है। ग्रामीण बद्री प्रसाद, अब्दुल अजीज, देवीदीन, केदारनाथ, लाला व कबीर आदि ने ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग विद्युत विभाग से की है। इस संबंध में जेई तुलसीपुर दयाराम ने बताया कि शीघ्र ही ट्रांसफार्मर बदलवाया जाएगा।