बलरामपुर। जिले में आज होने वाले मतदान के लिए भारी अफरातफरी के बीच रविवार को 9 ब्लॉकों के 2524 मतदेय स्थलों के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। एमपीपी इंटर कॉलेज में पुलिस व पोलिंग पार्टियों के बीच कहासुनी हो गई। रवानगी स्थलों पर अव्यवस्था के चलते पोलिंग पार्टियों को रवानगी में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कोरोना महामारी को लेकर मतदान कार्मिकों में दहशत दिखी। जिला निर्वाचन अधिकारी/ डीएम श्रुति व एसपी हेमंत कुटियाल ने गैसड़ी व पचपेड़वा ब्लॉक में पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल का निरीक्षण किया और मतदान कार्मिकों को निर्भीक होकर वोटिंग कराने का जिम्मा सौंपा।
एमपीपी इंटर कॉलेज में भारी अव्यवस्था को लेकर पोलिंग पार्टियों के मतदान कार्मिकों ने काफी देर तक हंगामा किया। सूचना पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी/ एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार शुक्ल, एएसपी अरविंद मिश्र, सदर एसडीएम अरुण कुमार गौड़, सीओ सिटी वरुण मिश्र व नगर कोतवाल मानवेंद्र पाठक भी पूरी लावलश्कर के साथ एमपीपी इंटर कॉलेज पहुंचे।
नाराज मतदान कार्मिकों को समझाया बुझाया। मतदान कार्मिकों ने कहा कि एक ही काउंटर होने के कारण भारी भीड़ जमा हो गई जिससे अफरा तफरी का माहौल पैदा हो गया। ऐसे में कार्मिकों को कोरोना महामारी का डर भी सताने लगा।
समझाने बुझाने के बाद मतदान कार्मिकों को सदर ब्लॉक के 116 ग्राम पंचायतों में मतदान कराने वाली 382 पोलिंग पार्टियां मतगणना स्थल एमपीपी इंटर कॉलेज और हरैया सतघरवा ब्लॉक के 110 ग्राम पंचायतों में मतदान कराने वाली 322 पोलिंग पार्टियां मतगणना स्थल मोहनलाल रामलाल इंटर कॉलेज शिवपुरा से रवाना की गई।
तुलसीपुर ब्लॉक की 100 ग्राम पंचायतों में मतदान कराने वाली 311 पोलिंग पार्टियां मतगणना स्थल नवीन मंडी समिति तुलसीपुर, गैसड़ी ब्लॉक के 115 ग्राम पंचायतों में मतदान कराने वाली 296 पोलिंग पार्टियां मतगणना स्थल किसान इंटर कॉलेज सिंहमोहानी गैसड़ी और पचपेड़वा ब्लॉक के 101 ग्राम पंचायतों में मतदान कराने वाली 261 पोलिंग पार्टियां मतगणना स्थल फजले रहमानिया इंटर कालेज पचपेड़वा से भेजी गई।
उतरौला ब्लॉक की 65 ग्राम पंचायतों में मतदान कराने वाली 216 पोलिंग पार्टियां मतगणना स्थल एचआरए इंटर कॉलेज उतरौला, गैड़ास बुजुर्ग ब्लॉक की 42 ग्राम पंचायतों में मतदान कराने वाली 205 पोलिंग पार्टियों को मतगणना स्थल स्व श्रीराम तीरथ चौधरी इंटर कॉलेज इमिलिया बनघुसरा, श्रीदत्तगंज ब्लॉक की 70 ग्राम पंचायतों में मतदान कराने वाली 233 पोलिंग पार्टियों को मतगणना स्थल चौधरी लालता प्रसाद सिंह बौद्घ महाविद्यालय श्रीदत्तगंज से रवाना किया गया।
रेहरा बाजार ब्लॉक की 81 ग्राम पंचायतों में मतदान कराने वाली 298 पोलिंग पार्टियों को मतगणना स्थल भगवती प्रसाद शुक्ल इंटर कॉलेज रेहरा बाजार से रवाना किया गया। गैसड़ी व पचपेड़वा में डीएम व एसपी ने निरीक्षण करते हुए कहा कि सभी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट कोविड 19 प्रोटोकॉल का पालन कराएंगे। सेक्टर मजिस्ट्रेट व पीठासीन अधिकारी राज्य निर्वाचन आयोग की गाइड लाइन का पालन कराकर मतदान कराएंगे।